October 29, 2025

बिहारवासियों का कोई भला नहीं होने वाला, तेजस्वी के जापान दौरा पर बोले विजय सिन्हा

  • डिप्टी सीएम बिहार को बदहाल कर जापान केवल मौज-मस्ती के लिए गए

पटना। भाजपा इन दिनों नीतीश सरकार पर लगातार हमलावार है। इसी कड़ी में आज भाजपा नेता विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव के जापान दौरा पर तंज कसते हुए कहा कि यह दौरा उनका निजी दौरा है। उन्होंने कहा की इससे बिहारवासियों का कोई भला नहीं होने वाला है। विजय सिन्हा ने आगे कहा की डिप्टी सीएम बिहार को बदहाल कर जापान केवल मौज-मस्ती के लिए गए हैं। पिछली NDA की सरकार में तत्कालीन उद्योग मंत्री द्वारा कई निवेशकों को बिहार में उद्योग लगाने हेतु आमंत्रित किया गया, जिसको लेकर कई मंचों पर मुख्यमंत्री द्वारा सराहना भी की गई। लेकिन प्रधानमंत्री बनने की दिवास्वप्न के कारण राजद को पिछले दरवाजे से लाया गया, जिससे वो सभी निवेशक राजद का गुंडाराज के कारण बिहार से निवेश करने से मुकर गए। विजय सिन्हा ने कहा कि मौजूदा हालात में जिस प्रकार से बिहार में अपराध के ग्राफ में बेतहाशा वृद्धि हुई है। उसको देख पूर्व से स्थापित व्यापार को भी बंद कर व्यापारी पलायन को मजबूर हैं। जब से राजद पिछले दरवाजे से सरकार में आई है तब से लगातार लूट, हत्या, बलात्कार जैसे संगीन अपराधों के कारण यहां पर्यटक भी आने से डर रहे हैं। उनके पास पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ना तो कोई नीति है और ना ही उनकी नीयत। नेता प्रतिपक्ष सिन्हा ने सरकार को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का ज्ञान-विज्ञान और बुद्ध की धरती नालंदा, राजगीर व उपमुख्यमंत्री का लोकतंत्र की जननी वैशाली, आपराधिक घटनाओं के मामले में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। उनके क्षेत्रों में हो रहे लगातार अपराध का कारण वो स्पष्ट करें। उनकी कोई भी योजना या नीति जनसाधारण के लाभ में नहीं है और वो केवल सत्ता लोलुपता के शिकार है।

You may have missed