August 31, 2026

पदयात्रा से पूर्व पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष के भाई को किया गिरफ्तार, गिरफ्तारी देने थाना पहुंचे सहनी

पटना। एनआरसी, नागरिकता संशोधन कानून और बढ़ते महिला उत्पीड़न की घटना के खिलाफ विकासशील छात्र मोर्चा द्वारा आहूत पदयात्रा से पूर्व ही देर रात पुलिस ने छात्र के प्रदेश अध्यक्ष विकास बॉक्सर के भाई को गिरफ्तार कर लिया, जिसके खिलाफ अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ गिरफ्तारी देने पत्रकारनगर थाना पहुंचे विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने केंद्र व राज्य की सरकार पर जोरदार हमला बोला। सहनी ने कहा कि देश में इमरजेंसी जैसा माहौल है। यहां जनता के मुद्दों पर उठने वाली हर आवाज को बंद करने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतंत्र में मिलने वाले अधिकारों की हत्या है। उन्होंने कहा कि सोमवार को विकासशील छात्र मोर्चा द्वारा बिहार तथा देश में बढ़ रहे बलात्कार तथा महिला उत्पीड़न के खिलाफ पटना में प्रदर्शन किया जाना था। प्रदर्शन से ठीक पहले रविवार की आधी रात के बाद पुलिस द्वारा छात्र मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास बॉक्सर की गिरफ्तारी की गई। पुलिस द्वारा यह गिरफ्तारी मोर्चा के प्रदर्शन को रोकने की साजिश के तहत किया गया। पुलिस के आला अधिकारी के आदेश पर यह गिरफ़्तारी की गई। मुकेश सहनी ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार के खिलाफ तथा जनता के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करना हमारा अधिकार है। पुलिस द्वारा हमें हमारे अधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है। इसके विरोध में हम अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ गिरफ़्तारी देने आए हैं।