February 17, 2026

गुरुग्राम में काम दिलाने के बहाने भोजपुरी एक्ट्रेस के साथ रेप; वीडियो वायरल करने की दी गई धमकी, मामला दर्ज

गुरुग्राम/पटना। दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भोजपुरी एक्ट्रेस से होटल के कमरे में बलात्कार किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़िता ने नजदीकी थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। घटना दिल्ली से सटे गुरुग्राम की है, जहां 24 साल की भोजपुरी एक्ट्रेस को इंटरव्यू के बहाने एक होटल में बुलाकर इंस्टाग्राम फ्रेंड ने घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा कि वह एक भोजपुरी आर्टिस्ट है और फिलहाल दिल्ली में रहती है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के इंस्टाग्राम पर बड़ी संख्या में फॉलोअर हैं जहां वह नियमित रूप से अपने वीडियो पोस्ट करती है। पुलिस ने आगे बताया कि कुछ दिन पहले युवती इंस्टाग्राम के जरिए महेश पांडे नाम के शख्स के संपर्क में आई थी, जिसने उसे भोजपुरी फिल्म जगत में काम की पेशकश की। 29 जून को उसने इंटरव्यू लेने के बहाने गुरुग्राम के उद्योग विहार इलाके स्थित एक होटल में बुलाया। मामले में एक्ट्रेस ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि ”जब मैं होटल पहुंची तो महेश ने पहले से ही एक कमरा बुक कर रखा था जहां वह मुझे ले गया और कुछ सवाल पूछने के बाद शराब पीने लगा। इसके बाद जब मैं जाने लगी तो उसने मेरे साथ जबरदस्ती की और बलात्कार किया।
वीडियो वायरल करने की दी धमकी
पीड़िता ने बताया कि कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और बाद में अपने कुछ दोस्तों से उसे फोन करवाया, जिन्होंने उसके प्राइवेट वीडियो आनलाइन पोस्ट करने की धमकी दी। फिलहाल, पुलिस ने एक्ट्रेस की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की संबंधित धाराओं में उद्योग विहार थाने में मामला दर्ज कर लिया है। सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) वरुण दहिया ने कहा कि हम आरोपों की जांच कर रहे हैं। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You may have missed