एनआरसी व कैब का नया कानून देश के संविधान और आत्मा के खिलाफ : इमारत शरिया
नए कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए राज्य परिषद की बैठक बुलाएगी इमारत शरिया: नायब नाजिम सनाहुल होदा

फुलवारी शरीफ। बिहार, झारखंड व उड़ीसा के मुसलमानों की सबसे बड़ी एदारा इमारत शरिया के कार्यवाहक नाजिम मौलाना मुहम्मद शिबली अल कासमी ने कहा कि एनआरसी व कैब के नये कानून के खिलाफ जो भी आवाज उठाएंगे इमारत शरिया उसके साथ है। उन्होंने कहा कि एनआरसी व कैब का नया कानून मुसलमानों के खिलाफ नहीं बल्कि देश के संविधान और आत्मा के खिलाफ है। इस नये कानून से हिन्दुस्तान की जो सामाजिक-सांस्कृतिक परंपरा और मजहबी एकता की बुनियाद है उसे ठेस पहुंची है। युवा राजद अध्यक्ष कारी सोहैब ने कहा कि इमारत शरिया में दुआ सलाम करने आये हैं और देश के संविधान, देश की आत्मा को बचाने के लिए राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में एनआरसी व कैब कानून लागू करने के विरोध में आगामी 21 दिसंबर को बिहार बंद का जो आह्वान किया है उसकी सफलता के लिए राय मशविरा भी किया। उन्होंने कहा कि राजद के नेता लालू प्रसाद को भाजपा ने इसलिए जेल में डाल रखा है कि लालू प्रसाद मुसलमानों, दलितों, शोषित पीड़ित लोगों की हक की लड़ाई मजबूती से लड़ी है। लालू प्रसाद के निर्देशों पर एनआरसी व कैब सहित तीन तलाक, धारा 370 कानून आदि मुद्दों पर राजद के बिहार बंद का इमारत शरिया का पूरा समर्थन मिल रहा है। दलित समुदाय, भीम आर्मी, बामसेफ का भी पूरा समर्थन है। इस नये कानून के खिलाफ राजद नेता तेजस्वी प्रसाद ने सबसे पहले आवाज उठाई और धरना दिया। अब तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आगामी 21 दसम्बर को बिहार बंद कर भाजपा और उसके सहयोगी दलों की पोल खोला जायेगा।
मौके पर मौजूद इमारत शरिया के नायब नाजिम मौलाना सनाहुल होदा साहेब ने कहा कि देश की संविधान में जो हिन्दुस्तान की मजहबी एकता और अखंडता, धार्मिक स्वतंत्रता की जो बातें कही गयी है, एनआरसी व कैब का नया कानून उसके खिलाफ है। उन्होंने कहा कि म्यांमार से रोहिंग्या मुसलमान, श्रीलंका से तमिल शरणार्थी भारत की सरजमीं पर शरण लेने आये, उन्हें भी भारत की नागरिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इमारत शरिया देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करती है और देश में विभेद पैदा करने वाले इस नए कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने के लिए जल्द ही इमारत शरिया राज्य परिषद की बैठक बुलाकर राय मशविरा करेगी।

