लोजपा रामविलास एनडीए में शामिल : चिराग पासवान ने की घोषणा, हाजीपुर सीट से ठोका दावा
- चिराग बोले- कई बार मुझे उकसाया गया, सिद्धांतों और विचारधारा के तहत लिए फैसले, नीतीश की नीतियों पर फिर उठाए सवाल
- चाचा परस पर बोले चिराग, कहा- हाजीपुर सीट से ही लड़ेंगे चुनाव
पटना। एनडीए की बैठक से पहले लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने औपचारिक तौर पर घोषणा की है कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अब एनडीए का हिस्सा है। मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने बीजेपी नहीं, नीतीश के कारण एनडीए छोड़ा था। एक बार फिर एनडीए के साथ हैं। हमने कभी पार्टी के सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। वहीं, हाजीपुर सीट से लोजपा (रा) के ही चुनाव लड़ने की बात कही। बता दें कि इस सीट पर उनके चाचा और केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस सांसद हैं। वो हाजीपुर सीट छोड़ने को तैयार नहीं है। चिराग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि वो कभी किसी के साथ नहीं रहते। नीतीश सिर्फ कुर्सी के साथ रहते हैं। 2020 में गठबंधन टूटने पर कहा कि 2019 के चुनाव में नीतीश कुमार की जो भूमिका रही थी। वो पूरी तरह से गलत थी। उन्होंने हमारे हर प्रत्याशी को हराने का काम किया। इसके बाद हमारी पार्टी में मंथन शुरू हुआ कि हमें एनडीए से अलग हो जाना चाहिए। एनडीए में नीतीश के साथ हम असहज थे, इसलिए गठबंधन तोड़ना पड़ा। चिराग ने कहा कि एनडीए से अलग होने के बावजूद वो केंद्र की नीतियों पर सहमति जताते रहे हैं। बीजेपी और पीएम मोदी से एक संबंध हमेशा से रहा है। बिहार में उपचुनाव में मैंने वो संबंध निभाए भी। केंद्र की नीतियों में भी बीजेपी का साथ दिया। एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर कहा कि सीट के बारे में बताना गठबंधन धर्म के खिलाफ होगा। वहीं चाचा पशुपति पारस के साथ आने पर कहा कि चाचा जी पहले ही फैसला ले चुके हैं कि भतीजे के साथ नहीं आना है। चिराग ने कहा कि महागठबंधन जनता के उम्मीदों पर खरा नहीं उतरेगा।
शाम को दिल्ली में एनडीए की बैठक
बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक के जवाब में एनडीए की दिल्ली में आज महाबैठक होगी। बीजेपी का दावा है कि इसमें 38 पार्टियां शामिल होंगी। बिहार से लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राजोजद और हम पार्टी के संरक्षक जीतन राम मांझी भी बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति नाथ पारस के भी शामिल होने की संभावना है। हालांकि, वे चिराग के साथ किसी तरह की कॉम्प्रोमाइज करने को तैयार नहीं हैं। बीजेपी नीतीश कुमार को उनके घर में घेरने की तैयारी कर रही है। महागठबंधन के 6 दलों के जवाब में बीजेपी बिहार में एनडीए के नए स्वरूप में भी 6 दलों को शामिल करने की कोशिश में जुटी है। हालांकि, वीआईपी के मुकेश सहनी को न्योता नहीं दिया गया है। अभी तक बीजेपी के साथ बिहार में एक मात्र पार्टी रालोजपा थी। इसकी अगुआई पशपुति पारस कर रहे थे। अब लगभग साफ हो गया है कि लोजपा का दूसरा धड़ा, जिसकी अगुवाई चिराग पासवान कर रहे हैं। वो भी एनडीए का हिस्सा होंगे। इसके अलावा उपेंद्र कुशवाहा का रालोजद और जीतन राम मांझी की हम पार्टी भी एनडीए के कुनबे का हिस्सा बनेगी। वहीं, मुकेश सहनी को मनाने की प्रक्रिया भी जारी है। हालांकि, सहनी फिलहाल अपनी शर्तों पर अड़े हुए हैं, लेकिन बीजेपी उन्हें भी मनाने में जुटी है।


