जन विरोधी भाजपा का हिसाब जनता आगामी चुनाव में करेगी : रंजीत कुमार झा
पटना। JDU के प्रदेश महासचिव रंजीत कुमार झा ने बिहार में लागू नई शिक्षक बहाली नियमावली, तेजस्वी यादव से इस्तीफा व 10 लाख लोगों को नौकरी आदि मुद्दों को लेकर आज गुरुवार को भाजपा ने गांधी मैदान से विधानसभा मार्च को नौटंकी बताते हुए कहा है कि विपक्ष में बैठकर भाजपा नकारात्मक राजनीति कर रही है। आगे झा ने कहा कि ओछे व घटिया हथकंडों का सहारा लेकर BJP भय की राजनीति कर रही है। सत्ता से बाहर होते ही भाजपा के नेता आपा खोकर अंतिम स्तर तक के हथकंडे अपनाने लगते हैं। आगे JDU नेता ने कहा की सदन जनता के पैसों से जनता के लिए चलता है और सदन में जनता से जुड़े मुद्दों का हल होना चाहिए। भाजपा के लोग सकारात्मक विपक्ष के रूप में अपने सवाल सदन में उठा सकते थे लेकिन विधानसभा मार्च के माध्यम से यह लोग राजनीतिक नौटंकी को बढ़ावा दे रहे हैं। इससे यह साबित होता है कि लोकहित के मुद्दों से भाजपा के लोगों का कोई वास्ता नहीं है। आगे झा ने कहा कि बिहार की जनता भाजपा के असली चेहरे और चरित्र को पहचान चुकी है और आने वाले लोकसभा और विधान सभा चुनावों में इनको सही जवाब देगी और इनका हिसाब करेगी।


