जातीय जनगणना में स्वतंत्र कोड के लिए लोहार समुदाय का मसौढ़ी में प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
मसौढ़ी। बिहार में जाति गणना के दौरान कई जगहों पर कई समुदाय के लोग विरोध प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। ऐसे में राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी में लोहार समाज के लोग आज सड़क पर उतर कर जुलूस की शक्ल में विरोध जताते नजर आ रहे हैं। दरअसल लोहार समाज के लोगों को कमार उप जाति में जोड़ दिया गया है। जिसको लेकर लोग विरोध जता रहे हैं और सरकार से मांग कर रहे हैं कि सभी लोहार जाति को एक स्वतंत्र कोड दिया जाए। लोहार जाति को स्वतंत्र कोड देने की मांग को लेकर लगातार मसौढ़ी में आंदोलन हो रहा है। ऐसे में आज सभी लोहार जाति से जुड़े हजारों की संख्या में लोग कपूर्री चौक से मेन रोड, थाना रोड, स्टेशन रोड होते हुए अनुमंडल कार्यालय तक जुलूस निकालकर विरोध जताते हुए सरकार से मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि हम सभी लोहार जाति के लोगों को कमार जाति में जोड़ दिया गया है। कमार जाति पश्चिम बंगाल की उपजाति है ऐसे में हम सबको कमार नहीं लोहार समझकर स्वतंत्र कोड दिया जाए नहीं तो चरणबद्ध आंदोलन होगा। वही मसौढ़ी अनुमंडल लोहार समाज की अध्यक्ष सरोज भारती ने कहा है कि सरकार हम सभी को कमार उप जाति में जोड़ रही है ऐसे में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। आने वाले दिनों में कई तरह के प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी होगी। ऐसे में सरकार से गुजारिश है कि जाति आधारित गणना में हम सभी को स्वतंत्र कोड दिया जाए। हम लोहार समाज को उपेक्षित नहीं किया जाए नहीं तो उग्र आंदोलन होगा और आने वाले दिनों में चुनाव भी प्रभावित होगा।


