मुंगेर में प्रसाद खाने से 250 लोग बीमार, कई की हालत नाजुक, दो घंटे बाद पहुंची मेडिकल टीम

मुंगेर । धरहरा प्रखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्र बंग्लवा पंचायत के कोठवा गांव में सोमवार को प्रसाद खाने से 250 लोग बीमार हो गए। इसमें से छह दर्जन के आसपास बच्चे हैं। कई की हालत गंभीर है। दो घंटे बाद मेडिकल टीम तीन एंबुलेंस के साथ गांव पहुंची।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रसाद का सैंपल लिया है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी, फिलहाल स्वास्थ्य विभाग इसे फूड प्वायजनिंग का मामला बताया है। ज्यादातर बच्चों और बड़ों का इलाज गांव में चल रहा है। जिनकी हालत गंभीर है उन्हें इलाज के लिए धरहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

कोठवा गांव के महेश कोड़ा के घर पर दोपहर तीन बजे पूजा थी। बड़ी संख्या में लोग प्रसाद खाने गए। इसके बाद जब लोग घर लौटे तो डेढ़ घंटे बाद लोगों के पेट में दर्द होने लगा फिर उल्टी व दस्त होने लगा।

250 लोग बीमार हो गए। रात में धरहरा जाने का कोई साधन नहीं देख ज्यादातर लोगों ने गांव के ही डॉक्टर से इलाज करवाया। रात 8.30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से डॉ. एनके मेहता स्वास्थ्यकर्मियों के साथ तीन एंबुलेंस से गांव पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में ही कैंप कर रही है।

लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। लड़ैयाटांड पुलिस भी रात नौ बजे पहुंची। घटना के बाद कोठवा गांव में हड़कंप मच गया। गंभीर लोग अस्पताल आने के बाद भी दर्द से कराहते रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर परिजनों ने हंगामा भी किया।

डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी मरीजों का इलाज करने में लगे। अस्पताल के बड़े अधिकारी भी कर्मियों को निर्देश दे रहे थे। मौके पर पहुंचे डा. महतो ने बताया कि फूड प्वायजनिंग का केस लग रहा है, जांच के बाद पता चलेगा।

इस घटना में पीड़ित गांव के ही मनोज कोड़ा, महेश कोड़ा, धीरेंद्र कोड़ा, केदार पासवान, रवींद्र कोड़ा, परमानंद मांझी, सिंघेश्वर कोड़ा, जागो कोड़ा, पवन कोड़ा सहित अन्य ने बताया कि प्रसाद खाने के कुछ घंटे बाद तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई। घंटों बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची।

About Post Author

You may have missed