August 29, 2026

पटना में आरपीएफ ने 18 बच्चों को मुक्त कराया, 6 बाल तस्कर गिरफ्तार

पटना। पाटलिपुत्र स्टेशन पर ट्रेन में आरपीएफ की टीम ने रेड कर 6 बाल तस्कर को अरेस्ट किया और 18 बच्चों को मुक्त कराया है। इस संबंध ने पाटलिपुत्र आरपीएफ प्रभारी शंकर अजय पटेल ने बताया कि बचपन बचाओ आंदोलन के कर्मियों ने सूचना दी थी कि ट्रेन नंबर 05679 गुवाहाटी उधना ट्रेन से बाल तस्कर कुछ बच्चों को लेकर जा रहे हैं। इसके बाद आरपीएफ की टीम बचपन बचाओ आंदोलन कर्मियों के साथ ट्रेन के पाटलिपुत्र स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर पहुंचते ही छापेमारी की। जहां से गुवाहाटी उधना ट्रेन की बोगी संख्या S1, S2, S3, ST और S6 से 6 बाल तस्कर के साथ ही 18 बच्चो को बरामद किया गया। गिरफ्तार बाल तस्कर की पहचान कटिहार जिले का रहने वाला सिताबुल रहमान, मोहम्मद तनवीर आलम, मोहम्मद फरीद आलम, मोहम्मद मसूद आलम, मोहम्मद इब्राहिम और मोहम्मद अजमल के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए तस्करों ने बताया कि वो बच्चों को सूरत में साड़ी फैक्ट्री में काम करने के लिए ले जा रहे थे। जिसके एवज में बच्चों के परिजनों को इसके लिए पांच हजार से आठ हजार तक अग्रिम भुगतान किया गया है। बचपन बचाओ आंदोलन अधिकारी जितेंद्र कुमार के लिखित आवदेन पर पाटलिपुत्र जीआरपी में मामला दर्ज किया गया है। बाल तस्करों से मुक्त कराए गए बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर कमिटी के हवाले कर दिया गया है।