September 14, 2026

फतुहा : सड़क पर गिरी मिली बेहोश महिला, पूछ रहे लोग-किसने की ऐसी हालत

फतुहा। गुरुवार को फतुहा-दनियावां राजमार्ग पर मछरियावां के समीप एक महिला बेहोशी की हालत में सड़क पर गिरी मिली। गश्ती कर रही पुलिस ने तत्काल उसे पुलिस की गाड़ी में लादकर पीएचसी पहुंचाया। चिकित्सक के अनुसार, महिला खतरे से बाहर है लेकिन अभी बेहोशी की हालत में है। पीएचसी में उसका इलाज जारी है।
गश्ती कर रहे एसआई राजेश कुमार ने बताया कि 30 वर्षीय महिला सड़क पर बार-बार चलने के बाद गिर जा रही थी। उसकी हालत गंभीर हो रही थी। उनके अनुसार महिला के पीठ व कमर पर काफी चोट के निशान पाए गए हैं। महिला की पहचान नहीं हो पाई है लेकिन पुलिस के अनुसार भर्ती कराते समय वह सिर्फ पावापुरी की रहने वाली बतायी है। वह फतुहा के मछरियावां कैसे पहुंची, उसके साथ क्या घटना घटित हुई है, यह पता नहीं चल पाया है। वहीं आसपास के लोगों ने बताया कि एक फोर व्हीलर गाड़ी से एक युवक उसे उतार कर भाग गया। युवक कौन था तथा उसकी हालत किसने इस तरह कर दिया, इस बात का खुलासा समाचार लिखे जाने तक नहीं हो पाई है। देखने से महिला किसी संभ्रांत परिवार की प्रतीत होती है। उसने लाल रंग की सूट पहन रखी है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि जब तक महिला बोलने की स्थिति में नहीं आ जाती, तब तक कुछ भी बताना मुश्किल है। फिलवक्त सभी लोग उसे ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं।

You may have missed