सुशासन को चुनौती : गोपालगंज में होमगार्ड जवान की गोली मारकर हत्या, उग्र प्रदर्शन

गोपालगंज। बिहार में अपराधियों का हौसला सातवें आसमान पर है। आए दिन अपराधिक वारदातों को अंजाम देकर बेखौफ अपराधी सुशासन को चुनौती दे रहे हैं। मानों ऐसा लग रहा है कि बिहार में काननू का इकबाल समाप्त हो गया है। ताजा मामला गोपालगंज जिले का है। जहां बेखौफ अपराधियों ने होमगार्ड के जवान की गोली मार कर हत्या कर दी है। वहीं विरोध में घटना से गुस्साए लोगों ने एनएच जाम कर उग्र प्रदर्शन किया।
नगर थाने के एकडेरवां गांव में मंगलवार को घर का कार्य करा रहे होमगार्ड जवान को अपराधियों ने गोली मार कर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। स्थानीय लोगों की मदद से घायल होमगार्ड को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मृत होमगार्ड जवान की पहचान एकडेरवां निवासी 55 वर्षीय भोला सिंह के रूप में हुई है। वहीं घटना से आक्रोशित लोगों ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर एनएच 28 को जाम कर चैनपट्टी गांव के पास उग्र प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।
पिछले 25 नवंबर को भी बदमाशों ने बनाया था निशाना
हैरान करने वाली बात यह है कि जिस होमगार्ड जवान को आज बदमाशों ने गोली मार कर हत्या की है। उस जवान को बीते 25 नवंबर को भी बदमाशों ने निशाना बनाया था। जब होमगार्ड जवान मॉर्निंग वाक पर निकले थे। पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनपर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी। इस फायरिंग में एक गोली होमगार्ड जवान के पैर में लगी थी। आसपास के लोगों की मदद से घायल जवान को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने तत्काल इलाज कर उनकी जान बचायी थी। पुलिस ने इस मामले में घायल होमगार्ड जवान के फर्दबयान पर प्राथमिकी दर्ज की थी। जिसमें एक आरोपी राजकिशोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि एक अन्य नामजद अभी भी फरार बताय जाता है।
क्या कहती है पुलिस
होमगार्ड जवान भोला सिंह की हत्या मामले में एसपी आनंद कुमार ने कहा कि पुरानी रंजिश को लेकर गोली मारने की आशंका जताई जा रही है। पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पूर्व में हुई गोलीबारी में एक आरोपी राजकिशोर सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। पीड़ित परिवार के बयान पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल, इस घटना में जो भी शामिल होंगे, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

About Post Author

You may have missed