लालू का स्वास्थ्य व्यवस्था पर तंज, कहा- अस्पताल में रुई भी मिले तो भगवान को शुक्रिया कहना रे भाई

पटना। चारा घोटाले में सजायाफ्ता व रांची के रिम्स में इलाजरत राजद सुप्रीमो व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर तंज कसा है। वहीं लालू प्रसाद के छोटे बेटे व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि समस्याओं से घिरी राज्य की जनता तबाह है और सरकार सो रही है। 15 साल की सरकार को जनता की कोई चिंता नहीं है।
राजद प्रमुख ने ट्वीट कर व्यंग्य किया है कि अगर राज्य के अस्पतालों में सूई की कौन कहना न कहे रूई भी मिल जाए तो भगवान को धन्यवाद कहना चाहिए। उन्होंने इसे अपने अंदाज में बयां करते हुए कहा है कि अस्पताल में रुई भी मिले तो भगवान को शुक्रिया अदा कर देना रे भाई।
इधर, तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि 75 लाख बिहारवासी बाढ़ से प्रभावित हैं। उनके बीच राहत का वितरण ठीक से नहीं किया जा रहा है। प्रवासी श्रमिक बिना काम-धंधे भूखे घर बैठे हैं। रोजगार देने के दावे विफल साबित हो रहे हैं। कई लोग अब फिर से पलायन करने को विवश हैं। साथ ही राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था मृत प्राय:है। इस कारण लाखों लोग कोरोना पीड़ित होकर भगवान भरोसे हैं। व्यवसायी वर्ग अलग त्रस्त है। बढ़ते अपराध का कहर भी उन्हें झेलना पड़ रहा है।

About Post Author

You may have missed