BIHAR : राजद प्रत्याशियों-सीटों की सूची लेकर रांची पहुंचे लालू के हनुमान, पीछे रह गई कांग्रेस

पटना। बिहार की राजनीतिक गलियारें से बड़ी खबर सामने आ रही है। राजद सुप्रीमो लालू यादव के हनुमान कहे जाने वाले राजद के वरिष्ठ नेता भोला यादव बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजद उम्मीदवारों की सूची लेकर रांची पहुंच गए हैं। अब जल्द ही पहले फेज के प्रत्याशियों की घोषणा हो सकती है। बताया जाता है कि राजद ने अपने स्तर से महागठबंधन में सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय किया है। इसके लिए वाम दलों के साथ उसकी लगभग सहमति बन गई है तो रालोसपा ने महागठबंधन से किनारा कर लिया है। वहीं कांग्रेस 70 सीट से घटकर 68 पर सहमत दिख रही है। राजनीतिक गलियारे से जो खबर छनकर सामने आ रही है, के मुताबिक, राजद ने पहले फेज के मतदान के लिए अपनी सीटों व प्रत्याशियों की सूची भी तैयार कर ली है। यह सूची लेकर राजद सुप्रीमो लालू यादव के करीबी भोला यादव रांची पहुंच गए हैं, जहां उनकी लालू से मुलाकात होनी है। माना जा रहा है कि इसके बाद राजद नेता तेजस्वी यादव राजद उम्मीदवारों की पहली सूची जल्द जारी कर सकते हैं। वहीं कांग्रेस अभी सीटों के पेंच में ही फंसी हुई है। कहीं ऐसा न हो कि पिछले लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी कांग्रेस खुद को ठगा ना महसूस करें, चूंकि राजद ने वादे के अनुसार मात्र 9 सीटें कांग्रेस को दी थी।


सूत्र बताते हैं कि राजद ने अपनी तरफ से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माले को 13, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी को छह और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी को चार सीटों का आफर किया है। जबकि कांग्रेस को 60 विधानसभा तथा एक लोकसभा सीट का आफर किया है। हालांकि, कांग्रेस 68 विधानसभा सीटों से कम पर तैयार नहीं है। सीपीआइ एमएस माले भी 17 सीटों की मांग पर अड़ी हुई है।
जो खबर सामने आ रही है, के अनुसार, राजद व कांग्रेस के बीच 10 और सीटों को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। राजद 150 सीटों पर चुनाव लड़ने का मन बना रही है। उसे विकासशील इनसान पार्टी के करीब आधा दर्जन प्रत्याशियों को भी अपने सिंबल पर ही चुनाव मैदान में उतारना है। लेकिन कांग्रेस बीते लोकसभा चुनाव के अपने अनुभवों के कारण कोई रिस्क लेने के मूड में नहीं है। उस चुनाव में कांग्रेस को 18 सीटों का वादा कर केवल 9 सीटें दी गईं थीं। कांग्रेस से राजद ने राज्यसभा की एक सीट देने का वादा भी पूरा नहीं किया था।

About Post Author

You may have missed