मुंगेर पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह आयोजित : विधि व्यवस्था बनाए रखने वाले पुलिस पदाधिकारी व कर्मी पुरस्कृत
मुंगेर। मुंगेर पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। होली के अवसर पर विधि व्यवस्था बनाए रखने वाले एवं परिवारों से दूर रहने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के लिए उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एसपी लिपि सिंह द्वारा किया गया, जबकि संचालन इंस्पेक्टर शमशाद अली और धन्यवाद ज्ञापन सदर एसपी हरिशंकर कुमार द्वारा किया गया।


समारोह को संबोधित करते हुए लिपि सिंह ने कहा कि होली के मौके पर विधि व्यवस्था संधारण में सभी पुलिस पदाधिकारियों व पुलिस परिवार के सभी सदस्यों की पूर्ण भूमिका रही थी और इन लोगों के सहयोग से ही होली का पर्व शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। इसके लिए सभी पुलिस कर्मी बधाई के पात्र हैं। पर्व-त्योहारों के अवसरों पर पुलिस परिवार के सदस्य अपने परिवार से दूर रहते हैं लेकिन पुलिस परिवार एक बड़ा परिवार है और इस बड़े परिवार में हम सब लोग मिल-बैठकर पर्व त्योहार मनाते हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि होली मिलन का यह कार्यक्रम पुलिस परिवार के सदस्यों के लिए आयोजित किया गया है। घर से दूर रहकर लोग तन्मयता से अपनी ड्यूटी करते हैं। इसके लिए सभी का उन्होंने आभार जताया। होली के अवसर पर विधि व्यवस्था ड्यूटी में दस्तक भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र तथा एसपी लिपि सिंह ने सदर एएसपी, मुख्यालय डीएसपी, हवेली खड़गपुर डीएसपी, ईस्ट कॉलोनी थाना प्रभारी, कासिम बाजार थानाध्यक्ष, मुफस्सिल थानाध्यक्ष, पूरब सराय, बासुदेवपुर ओपी अध्यक्ष के अलावे महिला सिपाही ऐश्वर्या राय, संगीता कुमारी, सिपाही उत्तम कुमार, मंटू कुमार, शंभू कुमार को पुरस्कृत किया गया।

