BIHAR : मंत्री सुमित सिंह ने किया पुल निर्माण कार्य का शुभारंभ, पांच वर्षों से लंबित थी योजना

जमुई। जमुई के चकाई विधानसभा में स्थानीय विधायक सुमित कुमार सिंह के प्रदेश सरकार में मंत्री बनने के साथ ही चकाई में लंबित विकास परियोजनाएं पुन: आरंभ हो गई है। चकाई में 2015 में स्वीकृत पुल का कार्यारंभ रविवार को विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह ने किया। चकाई विधानसभा अंतर्गत सोनो प्रखंड में महूंगाय-बोझायत पथ के बरनार नदी पर द्वितीय उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कार्य आरंभ हुआ। 5 करोड़ 41 लाख की लागत से बनने वाले इस पुल की लंबाई 126.64 मीटर होगी। जिससे अब सैकड़ों गांव एनएच-333ए से सीधे जुड़ जाएंगे।
इस अवसर पर मंत्री सुमित कुमार सिंह ने बताया कि इस पुल की स्वीकृति 2015 में ही मिल गई थी। जैसा कि आप सब जानते हैं पिछले 5 वर्षों से चकाई विधानसभा काफी विपरीत परिस्थितियों से जूझ रहा था। सारा विकास कार्य ठप पड़ गया था। लेकिन दुबारा मौका मिलते ही हमने विकास कार्यों को पटरी पर लाने का प्रयास शुरू कर दिया है। 100 करोड़ से ज्यादा के स्वीकृत विभिन्न पुलों का निर्माण कार्य भी शीघ्र ही प्रारंभ होगा और हमारा सोनो-चकाई विकास के पथ पर सरपट दौड़ेगा।
इस मौके पर सोनो प्रखंड विकास पदाधिकारी ममता प्रिया, सोनो प्रखंड अंचलाधिकरी अनिल कुमार चौबे सहित स्थानीय ग्रामीणों में एतवारी यादव, झारी किशकु, लाला किशकु, छोटेलाल मुर्मू,भगवान सिंह, श्रवण सिंह, वासुदेव दास सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

About Post Author

You may have missed