भीमराव अम्बेडकर की 129वीं जयंती कांग्रेस नेताओं ने मनायी

पटना। भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 129वीं जयंती प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में मनायी गयी। समारोह की अध्यक्षता करते हुए मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा डॉ. अम्बेडकर का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश में जब पंडित जवाहर लाल नेहरू के मंत्रिमंडल का गठन हुआ, उस समय डॉ. भीमराव को कांग्रेस का सदस्य नहीं होने के बावजूद उन्हें देश का विधि मंत्री बनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के शोध विभाग के अध्यक्ष आनन्द माधव, सिसिल साह, उमेश प्रसाद सिंह, राज कुमार झा, रमेश कुमार, अम्बिका प्रसाद, दिनेश शंकर दास, अबू नवाज ने भी डॉ. अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं लॉकडाउन के कारण प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा, कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता सदानन्द सिंह, पूर्व विधायक डॉ. हरखू झा, लाल बाबू लाल एवं अन्य नेताओं ने अपने-अपने आवास पर ही बाबा साहेब की जयंती मनायी एवं उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने भारतीय संविधान की संरचना कर अद्वितीय कार्य किया है। डॉ. अम्बेडकर हमेशा देश के प्रेरणा स्त्रोत रहे हैं और कांग्रेस पार्टी ने हमेशा उनकी विचार धारा का सम्मान किया है। सदानन्द सिंह ने कहा कि संविधान के निर्माण में डॉ. अम्बेडकर के योगदान को कभी भी भूलाया नहीं जा सकता है।

About Post Author

You may have missed