बिहार में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा हुआ 563, अभी तक 13 नये मामले
पटना। लॉक डाउन-3 के दौरान बिहार में कोरोना संक्रमण की रफ्तार शुक्रवार को एक बार फिर बढ़ी है। शुक्रवार को अब तक 13 नये मामले सामने आए हैं। जिसके बाद बिहार में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 550 से बढ़कर 563 हो गई है। वहीं बिहार में कोरोना वायरस से 5वीं मौत हुई है। कोरोना से बिहार के 38 में से 35 जिले चपेट में आ गए हैं। अब सहरसा और सुपौल जिला में कोरोना ने दस्तक दे दी है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पहली बार सहरसा में दो और सुपौल में एक कोरोना से संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं दरभंगा में तीन और कटिहार में एक पॉजिटिव मिले हैं। इसके पहले शुक्रवार सुबह समस्तीपुर जिले से छह नए मरीज मिले। जबकि बिहार में कोरोना से 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें मुंगेर, वैशाली, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण और सासाराम के मरीज शामिल है। हालांकि इन मरीजों को पहले से भी क्रॉनिक बीमारी थी। वहीं बिहार में कोरोना संक्रमित 246 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। बक्सर, रोहतास, नालंदा और सीवान में तेजी से मरीज ठीक हो रहे हैं।
बताते चलें कि गुरुवार को रोहतास जिले में कोरोना से एक 70 वर्षीय वृद्ध की मौत इलाज के क्रम में हो गई। मृतक सासाराम प्रखंड के धौडाड़ के निवासी थे। तीन दिन पूर्व तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल लाया गया था।


