बिहार चुनाव : चुनावी रैलियों में गरजे पीएम मोदी, लोगों को दिलायी 90 के दशक की याद

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में हाईप्रोफाइल नेताओं ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार को देश के दो बड़ी पार्टियों के नेता भाजपा की ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुनावी सभा हुई। इस दौरान दोनों ओर से जमकर जुबानी हमले हुए। राहुल गांधी की आज दो सभाएं होनी थी, लेकिन पूर्णिया में पूर्णिया में प्लेन को लैंड करने की अनुमति नहीं मिली, इस वजह से पूर्णिया की सभा का कार्यक्रम तय नहीं हो पाया। जबकि पीएम मोदी ने की तीन जिलों में चुनावी रैली हुई। बता दें बिहार चुनाव का पहले चरण का मतदान 28 अक्टूबर को होना है। जिसे लेकर आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गई है।
भागलपुर में कहा- विरोधी बिहार को विकास नहीं बर्बादी के पुराने रास्ते पर ही ले जाएंगे
इस क्रम में भागलपुर में चुनावी सभा की शुरूआत पीएम मोदी ने ‘भारत माता की जय’ के नारे के साथ की। फिर कहा- मंदार पर्वत, चंपा नगरी, अजगैबीनाथ की धरती को प्रणाम करता हूं। बिहार चुनाव की ये मेरी तीसरी सभा है। नीतीश कुमार की अगुवाई में वीआईपी, हम, भाजपा साथ में विजयी हो रहे हैं। बिहार की जनता नीतीश कुमार को दोबारा सीएम बनाने का संकल्प ले चुकी है। तीन तलाक, जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने का, भारत की जांबाज सेना सरहद पर देश की शान बढ़ाये, सुप्रीम कोर्ट राम मंदिर निर्माण कराये – कुछ लोग इनका विरोध करते हैं। हमेशा विरोध करनेवाले ये लोग बिहार को विकास नहीं बर्बादी के पुराने रास्ते पर ही ले जाएंगे।
बिहार को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है
उन्होंने कहा कि बिहार में लोकतंत्र के बीज बोये गये हैं। बिहार को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है। इसको कौन सुनिश्चित करेगा। विकास कौन सुनिश्चित करेगा। वो लोग जिन्होंने परिवार का भला किया या प्रदेश का विकास किया। पहले जो सरकारें रहीं उन्होंने आदिवासियों के लिए, उनके उत्थान के लिए सिर्फ झूठे वादे किए। छोटे दुकानदार, कारोबारी, मजदूर उनके जंगलराज में परेशान होते रहे। इतना भ्रष्टाचार था कि भागलपुर, मुंगेर में कारोबार खत्म होते गए। भागलपुर से गुजर रहे एनएच का चौड़ीकरण किया जा रहा है। बीते वर्षों में गंगा के ऊपर कई पुल बने हैं और कई पर काम चल रहा है। बाढ़, मुंगेर में रेल महासेतु पहले ही पूरा हो चुका है। बिक्रमशिला के समानांतर फोरलेन पुल का निर्माण किया जा रहा है। इससे उत्तर बिहार से झारखंड आना-जाना भी आसान होगा। हमारे व्यापारियों और भगवान भोले के भक्तों को आसानी होगी। भागलपुर सहित बिहार के अनेक शहर और व्यापारिक केंद्र गंगा के किनारे बसे हुए हैं। गंगा में व्यापार से जुड़े जहाज चलने लगे हैं।
बिहार के विकास के लिए स्वामित्व योजना बनायी
सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र ने बिहार के विकास के लिए एक योजना बनाई है। स्वामित्व योजना के जरिए ग्रामीणों को खेतों और घर का स्वामित्व कार्ड मिलेगा। यहां भी इस योजना का लाभ मिलेगा। यहां भी इसे बहुत तेजी से शुरू किया जाएगा। बिहार आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में बढ़ेगा। नीतीश जी की अगुवाई में बीजेपी, जदयू, हम और वीआईपी को एक-एक वोट मिलना चाहिए। त्योहारों में अधिक से अधिक लोकल खरीदेंगे। मंजूषा को प्रोत्साहित करना है। मिट्टी के बर्तन और दूसरे शिल्पियों का इस्तेमाल कीजिए।
इससे पहले गया में हुई दिन की दूसरी सभा
सासाराम से बिहार में अपने चुनावी अभियान की शुरूआत करते प्रधानमंत्री ने गया में आज के दिन की दूसरी सभा की। शहर के गांधी मैदान में आयोजित इस रैली में भी वे बिहार में एनडीए सरकार के पहले के 15 सालों की याद दिलाने से नहीं चूके। उन्होंने अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए कहा कि बिहार का चुनाव दो कारणों से महत्वपूर्ण है। पहला कोरोना के बीच यह पहला चुनाव है, दूसरा यह एनडीए का चुनाव है। आगे कहा कि 90 के दशक में बिहार के लोगों को अव्यवस्था और कुशासन के दलदल में धकेल दिया गया। यहां अनेक युवा साथी हैं जो पहली बार वोट डाल रहे हैं। या जिनका जन्म नई सदी में हुआ है। आपको अंदाजा नहीं है कि बिहार ने कितना लंबा रास्ता तय किया है। हम बिहार में नई व्यवस्थाओं को बनते देख रहे हैं। इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। रात में रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद लोग घर नहीं जाते थे, सारी रात स्टेशन पर गुजारते थे। ये वो दौर था जब लोग गाड़ी नहीं खरीदते थे क्योंकि एक खास राजनीतिक दल को पता चलने पर गाड़ी लूट लिए जाने का डर रहता था।

About Post Author

You may have missed