बिहार केशरी डॉ. श्री कृष्ण सिंहा की 133वीं जयंती मनायी गयी

पटना। बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री बिहार केशरी डॉ. श्री कृष्ण सिंहा की 133वीं जयंती बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में बड़े उत्साह से मनाया गया। जयंती समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि श्री बाबू ने देश की आजादी की लड़ाई पंडित जवाहर लाल नेहरू, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, मौलाना अबुल कलाम आजाद, मौलाना मजहरूल हक के साथ कंधे से कंधे मिलाकर लड़ी।
स्वतंत्रता के बाद मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्य में विकास का मार्ग प्रशस्त किया। पतरातू एवं बरौनी थर्मल पावर स्टेशन, बरौनी तेल शोधक कारखाना, हेवी इंजीनियरिंग कोरपोरेशन रांची, बोकारो स्टील कारखाना, बरौनी एवं सिन्दरी खाद कारखाना आदि विकास के कारखाने उन्हीं के कार्यकाल में लगे। श्री गोहिल ने कहा कि आज कृतज्ञ राज्य आधुनिक बिहार एवं झारखंड के निर्माण में श्रीबाबू के योगदान को स्मरण कर उनकी स्मृति को शत-शत नमन करती है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि आज श्री बाबू की जयन्ती के अवसर पर हमें उनके सपनों का बिहार बनाने का संकल्प लेना चाहिये। इसके पूर्व डॉ. श्रीकृष्ण सिंहा के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव एवं बिहार कांग्रेस के चुनाव प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, महासचिव तारिक अनवर, सचिव प्रभारी अजय कपूर, पूर्व सांसद राजबब्बर, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, पूर्व मंत्री सुबोध कान्त सहाय, विधान पार्षद प्रेमचन्द्र मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी सहित कांग्रेस के कई नेता उपस्थित हुए।

About Post Author

You may have missed