बजट सत्र का 18वां दिन : विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री सम्राट चौधरी के बीच नोकझोंक, मंत्री ने मांगी माफी, विपक्ष ने की मंत्री रामसूरत राय के इस्तीफे की मांग

पटना। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का बुधवार को 18वां दिन था। विधानसभा पोर्टिको में वामदलों के विधायकों ने जमकर हंगामा किया। वहीं राजद विधायकों ने विधानसभा के गेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने मंत्री रामसूरत राय के इस्तीफे की मांग की। राजद विधायकों का कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद मंत्री रामसूरत राय को बचाना चाह रहे हैं। सदन में मामला सामने आने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री सम्राट चौधरी के बीच नोकझोंक, मंत्री ने मांगी माफी
बुधवार को कार्यवाही शुरू होते ही विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा और पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी के बीच नोकझोंक हो गई। इसके बाद अध्यक्ष ने कार्यवाही को स्थगित कर दी। इस मामले पर पूर्व सीएम और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा कि मंत्री का बयान अमर्यादित है। उन्हें इस तरह नहीं बोलना चाहिए। सम्राट चौधरी को इस पर खेद जताना चाहिए।
विधानसभा की दूसरी पाली की कार्यवाही के दौरान 7 मिनट तक विधानसभाध्यक्ष विजय सिन्हा आसन तक नहीं आए। इसके बाद विपक्ष सवाल करने लगा कि कहां हैं अध्यक्ष महोदय। इसके बाद सभाध्यक्ष ने इंट्री ली। वहीं विपक्ष पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग करने लगा। सम्राट चौधरी ने सदन में माफी मांगते हुए कहा कि अगर आसन की भावनाएं आहत हुई है तो मैं माफी चाहता हूं।


संसदीय कार्य मंत्री ने भी जताया खेद
इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि हम सरकार की ओर से खेद जताते हैं। सरकार की मंशा कभी ऐसी नहीं रही है कि आसन की भावनाएं आहत हो। संबंधित मंत्री को भी खेद है। वहीं, विधायक महबूब आलम और शकील अहमद ने पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी पर कार्रवाई और बर्खास्त करने की मांग की।
कार्यस्थगन प्रस्ताव नामंजूर
उधर, विधान परिषद में रामसूरत राय को बर्खास्त करने की मांग को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया। राजद के एमएलसी सुबोध कुमार ने कार्यस्थगन प्रस्ताव लाया और राज्य में गिरती कानून व्यवस्था पर चर्चा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मोतिहारी के हरसिद्धि के पैक्स अध्यक्ष पवन गुप्ता की हत्या हो गई। लेकिन सदन में कहा जाता है कि गांधी मैदान में फरिया लेंगे, इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कार्यस्थगन प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया है।
एमएलसी सुनील सिंह ने सरकार पर साधा निशाना
परिषद में एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में गोलघर की क्या स्थिति है, एक भी फाइव स्टार होटल सरकार नहीं खुलवा पाई। बेली रोड में गरीबों की कमाई से बिहार म्यूजियम बना दिया गया। बुद्ध स्मृति पार्क की जगह मल्टीपार्किंग, हॉस्पिटल होटल बन सकते थे। बिहार म्यूजियम को एफसीआई का गोदाम बना दिया गया है। ।
बेगूसराय का उठा मामला
बिहार विधान परिषद में भाजपा के एमएलसी रजनीश कुमार ने बेगूसराय जिला के बखरी नगर पंचायत में पक्की नली-गली योजना को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने सदन में पूछा कि कार्यपालक पदाधिकारी के रवैया की वजह से विभाग 106 योजनाएं ठंडे बस्ते में डाल दी गई, जिसके कारण स्थानीय लोगों में आक्रोश है? जवाब में डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बोर्ड से पारित होने के बाद योजना में संभावना बन जाती है। वे इसकी पूरी जांच करवा लेंगे।

About Post Author

You may have missed