फुलवारीशरीफ विधानसभा : कहीं इवीएम खराब तो कहीं पेट्रोलिंग पार्टी से परेशान रहे मतदाता

फुलवारी में शाम 6 बजे तक 59.76% मतदान


फुलवारीशरीफ। फुलवारीशरीफ विधानसभा क्षेत्र में शाम छ: बजे तक 59.76 प्रतिशत मतदान होने की खबर निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से हवाले से दिया गया है। वहीं कई मतदान केन्द्रों पर इवीएम में खराबी के चलते मतदान में देरी हुई, जिससे मतदाताओं ने नाराजगी का इजहार किया। मतदान शुरू होने से पहले ही मशीन खराबी के चलते वोटिंग देर से शुरू हुआ। सुबह में अधिकांश इलाके में मतदान की धीमी रफ्तार रही तो कहीं देर से शुरू हुई। वोटिंग के चलते कतार में खड़े मतदाताओं ने हल्ला करना शुरू कर दिया, तब जाकर मतदानकर्मियों की नींद टूटी। कोरोना संकट काल में देश में पहली बार हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए मतदान केंद्रों पर चुनाव आयोग की ओर से सेनेटाइजर और मास्क का प्रबंध किया गया था। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी कतार लगने लगी। हाई स्कूल परिसर में स्मार्ट मतदान केंद्र पर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी सुविधाओं को उपलब्ध कराया गया था, लेकिन वहां सन्नाटा ही नजर आया। वहीं ग्रामीण इलाके में मतदाताओं को चुनाव कर्मियों के साथ-साथ आशा और आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी कोरोना से बचाव के लिए अपनी ट्रेनिंग का इस्तेमाल बखूबी किया।


शहरी इलाके में कोरोना से बचाव के टिप्स अधिकांश मतदान केन्द्रों पर नाकाफी साबित हुए। पलंगा गंज पर उत्क्रमित विद्यालय के मतदान केंद्र एवं धनकी उत्क्रमित मध्य विद्यालय सकरैचा के मतदान केंद्र पर महिलाओं और पुरूष मतदाताओं की लंबी कतारें ऐसी थी कि सुरक्षा कर्मियों की तमाम हिदायतों के बाद भी सोशल डिस्टेंस की हवा निकल गयी। अधिकांश वोटर मास्क तक नहीं लगाए हुए थे। वहीं सकरैचा के हाई स्कूल में मतदान केंद्र पर कोरोना से बचाव के पूरे इंतेजाम और सोशल डिस्टेंस का पूरा ख्याल रखा जा रहा था। इसके आलावा मतदान केंद्र संख्या 52 गोनपुरा में ईवीएम खराबी के चलते पंद्रह मिनट देर से मतदान शुरू हुआ। इसके आलावा बूथ संख्या 80 कुरकुरी, 125 रानीपुर मध्य विद्यालय, 160 लिटिल प्लैनेट ढेलवां, 300 उत्क्रमित मध्य विद्यालय अलावलपुर, 353 उत्क्रमित मध्य विद्यालय कंसारी का ईवीएम मशीन बदला गया। 321 नंबर मतदान केंद्र पर पेट्रोलिंग पार्टी के द्वारा वोटरों को परेशान करने की सूचना पर महागठबंधन के माले उम्मीदवार गोपाल रविदास पहुंचे और चुनाव आयोग के अधिकारियों से शिकायत की। फुलवारी शरीफ हाई स्कूल में मतदान केंद्र संख्या 104, 105 व 106 पर मतदान के शुरूआती दौर में कई मतदान केंद्र पर बिजली की व्यवस्था नहीं रहने पर मतदान प्रक्रिया बाधित रही। यहां जाप उम्मीदवार सत्येंद्र पासवान निर्वाचन अधिकारयों को कोसते नजर आयें।
दिन चढ़ने के साथ ही मतदाताओं में बढा उत्साह
फुलवारी में सुबह से ही अधिकाश मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। हालांकि पहले तीन घंटों में मात्र 13 प्रतिशत तक ही मतदान होने की सूचना थी। वहीं दिन चढने के साथ ही मतदाताओं की कतारें मतदान केद्रों पर लगनी शुरू हो गयी और मतदाताओं का उत्साह देखने लायक था। सकरैचा में लाठी लिए बुजुर्ग रामप्रवेश मतदान करने पहुंचे और कर्मियों से अपना बूथ पूछते रहे। बातचीत करने पर बुजुर्ग ने कहा कि बीमार हैं तो क्या हुआ, पहले मतदान करना भी तो जरुरी है। वहीं जानीपुर के एक बुथ पर बुजुर्ग को उनका भतीजा गोद में उठाए मतदान कराने पहुंचा तो उनके उत्साह को देख दूसरे मतदाताओं का भी हौसला दुगुना हो गया। इस तरह दोपह 12 बजे तक मतदान का प्रतिशत 30 तक बढ़ा तो प्रत्याशियों के साथ ही मतदाताओं और मतदानकर्मियों की आंखें भी चमक उठी। अधिकांश मतदान केन्द्रों पर मतदान कराने आये अर्धसैनिक बल के जवानों ने मतदान करने आये मतदाताओं को कोरोना से बचने के लिए दूरी बनाकर कतार में लगने का आग्रह करते रहे।

You may have missed