पटना में रस्सी से गला घोंट कर 26 वर्षीया विधवा की हत्या, ससुर बंदी
मसौढी। पटना जिला के मसौढी थाना क्षेत्र के बलियारी गांव में बीते बुधवार की रात ससुरालवालों ने 26 वर्षीया विधवा की रस्सी से गला घोंट मार डाला। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतका किरण देवी के भाई सह जहानाबाद जिला के काको थाना के पिंजौरा ग्रामवासी दीपक चौधरी ने विधवा के ससुर मनु चौधरी, सास सुमित्रा देवी, देवर चौधरी, देवरानी कुंती देवी समेत अन्य के खिलाफ गुरूवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर पुलिस ने मौके से शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया और आरोपी ससुर मनु चौधरी को गिरफ्तार कर गुरूवार को जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक दीपक चौधरी की बहन किरण देवी की शादी हिंदू रीति रिवाज से वर्ष 2010 में थाना के बलियारी गांव के मनु चौधरी के पुत्र रवींद्र चौधरी के साथ हुई थी। इसके बाद उसे दो पुत्रियां भी हुई। आरोप है कि बीते बुधवार की रात मनु चौधरी समेत अन्य नामजद आरोपितों ने रस्सी से गला घांट किरण देवी की हत्या कर दी। इधर ग्रामीणों की सूचना पर बुधवार की देर रात किरण देवी का भाई दीपक चौधरी उसका ससुराल पहुंचा और उसक घर में उसका शव पड़ा देखा। इधर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस बीच आरोपित ससुर मनु चौधरी ने पुलिस के समक्ष अपनी बहू की हत्या गला दबा खुद कर देने का अपराध स्वीकार किया है। उसने पुलिस को बताया कि बीते करीब दो माह से उसकी बहू का अवैध संबंध गांव के ही एक शख्स से था और इससे उसकी व उसके परिवार की बदनामी हो रही थी। इस कारण उसने बीते बुधवार की रात खुद उसका गला दबा उसकी हत्या कर दी। हालांकि ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक किसी बात को लेकर बीते बुधवार की रात बहू व ससुर के बीच विवाद हो गया था और बहू ने ससुर पर छोलनी से हमला कर उसे घायल कर दिया था। बताया जाता है कि इससे गुस्साए ससुर ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मनु चौधरी ने बताया कि उसके पुत्र रवींद्र चौधरी की हत्या दो वर्ष पूर्व अज्ञात अपराधियों ने गांव के बधार में गोली मार कर दी गई थी।


