दिल्ली में बिहार के एक ही परिवार के पांच लोगों का मिला शव, मचा कोहराम

CENTRAL DESK : दिल्ली के भजनपुरा इलाके में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। ये सभी मृतक बिहार के सुपौल जिले के रहने वाले थे। घटना की खबर सुपौल स्थित पैतृक घर पर मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। बरामद शव पति-पत्नी व तीन बच्चों के हैं। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के पिता महादेव चौधरी दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जाता है कि महादेव चौधरी भी दिल्ली में ही रहते थे तथा दो माह से सुपौल में थे। इस घटना के बाद घर के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली के भजनपुरा इलाके में बुधवार को एक घर से पांच लोगों के शव पुलिस ने बरामद किए। जब मुहल्ले के लोगों ने घर से दुर्गंध आने की बात कही। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो देख कर दंग रह गई। वहां एक-दो नहीं बल्कि पांच लोगों के गली-सड़ी अवस्था में शव पड़े हुए थे। छानबीन में पता चला कि सभी मृतक बिहार के सुपौल के मलहनी गांव के निवासी थे। मृतकों की पहचान शंभूनाथ चौधरी (45), पत्नी सुनीता (42), बेटे शिवम (17), सचिन (14) और बेटी कोमल (12) के रूप में हुई है। पुलिस ने आशंका जतायी है कि इन सबकी मौत पांच-छह दिन पहले ही हुई है। मौत के कारणों पर पुलिस जांच कर रही है।
इधर बताया जाता है कि मृतक शंभू चौधरी के पिता महादेव चौधरी भी दिल्ली में ही रहते थे। वे वहां जूस बेचने का काम करते थे। लेकिन दो माह से महादेव चौधरी गांव में ही रह रहे थे। जूस बेचने का काम उनका बेटा करता था। वह जूस बेचकर अपना परिवार का भरण पोषण कर रहा था। लेकिन अचानक हुई इस घटना से पूरा गांव सन्न है। कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है। गांव के लोगों का कहना है कि उन्हें भी न्यूज से ही जानकारी मिली है। बताया जाता है कि मृतक शंभू चौधरी के तीनों बच्चे भी दिल्ली में ही पढ़ाई करते थे।

About Post Author

You may have missed