डुमरांव की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली, कल पीड़ित परिवार से मिलेंगे अश्विनी चौबे

डीजीपी, डीएम, एसपी से बात कर ली हालात की जानकारी


पटना। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने डुमरांव के मुरार थाना अंतर्गत एक गांव में महिला से गैंगरेप एवं उसके पुत्र की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। घटना की जानकारी मिलते ही श्री चौबे देवघर झारखंड से बक्सर के लिए रवाना हो गए हैं। देर रात पटना मार्ग होते हुए मंगलवार को बक्सर पहुंचेंगे। बता दें अश्विनी चौबे दो दिवसीय झारखंड राज्य के दौरे पर थे। वहां उन्होंने एम्स से देवघर के निर्माण कार्यों का जायजा लिया एवं सोमवार की सुबह निदेशक के साथ समीक्षा बैठक की। डुमरांव की घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने डीजीपी, डीएम, एसपी व स्थानीय प्रशासन एवं गांव के लोगों से संपर्क स्थापित कर हालात की जानकारी ली है। चौबे ने कहा कि डुमरांव के मुरार थाने की घटना सभ्य समाज पर कलंक है। जो भी दोषी होंगे, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।
दो दिवसीय दौरे पर कल बक्सर जाएंगे चौबे
अश्विनी चौबे दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को बक्सर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे डुमरांव जाएंगे और घटना के पीड़ित परिवार से मिलेंगे। इसके पश्चात स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके उपरांत बक्सर पहुंचेंगे। जहां बक्सर एवं राजपुर विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके उपरांत चुनावी कार्यक्रमों में भाग लेंगे। श्री चौबे बुधवार को रामगढ़ विधानसभा का दौरा करेंगे। इस दौरान वे रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे एवं चुनावी कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

About Post Author