झारखंड: राज्यपाल ने दिया हेमंत सोरेन को सरकार बनाने का आमंत्रण, सोनिया गांधी को निमंत्रण देने दिल्ली रवाना

CENTRAL DESK : झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक दल के नेता चुने गए हेमंत सोरेन को प्रदेश का मुख्यमंत्री मनोनीत कर दिया है। राज्यपाल ने बुधवार को उन्हें सरकार बनाने का आमंत्रण भी दिया। इस बीच हेमंत सोरेन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपनी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण देने के लिए दिल्ली रवाना हो गये। झारखंड के नवमनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नयी दिल्ली जाने से पहले रांची में कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का आमंत्रण देने जा रहे हैं। हेमंत 29 दिसंबर को रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
इसके पूर्व झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष ने राजेंद्र इंस्टीट्यूट आॅफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) के प्राइवेट वार्ड में स्वास्थ्य लाभ ले रहे अपनी सहयोगी पार्टी राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। बता दें राजद ने यहां 1 सीट पर जीत हासिल की है। झारखंड के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक बजे निर्मल महतो चौक पर जाकर शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। झामुमो पहली बार विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और सबसे ज्यादा 30 सीटों पर विजय पताका फहराया हैं। हेमंत करीब दो तिहाई बहुमत के साथ झारखंड की सत्ता संभालने जा रहे हैं। झारखंड के इतिहास में यह पहला मौका है, जब जनता ने किसी गठबंधन को इतनी सीटें दी हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने यह चुनाव कांग्रेस और राजद के साथ मिलकर लड़ा था। भाजपा 65 पार के नारे के साथ चुनाव मैदान में उतरी थी, तो झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के गठबंधन ने परिवर्तन का नारा दिया था।

About Post Author

You may have missed