जेपी नड्डा पर हमले को ले राजद-कांग्रेस ने क्यों साध ली चुप्पी, बंगाल में राष्ट्रपति शासन जरूरी : सुशील मोदी

पटना। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा और वरिष्ठ नेताओं के काफिले हुए हमले को लेकर ममता बनर्जी पर हमला बोला है। मोदी ने अपने ट्विट में कहा है कि ममता बनर्जी की टीएमसी के गुंडों का हमला लोकतंत्र को लहूलुहान करने की ऐसी करतूत है, जिसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। राजद-कांग्रेस सहित जो 19 पार्टियां नोटबंदी और जीएसटी के खिलाफ कोलकाता रैली में ममता के साथ हाथ मिला कर खड़ी हुई थीं, उन्होंने नड्डा जी पर हमले पर चुप्पी क्यों साध ली? क्या गुरुदेव रवींद्रनाथ और बंकिम चंद की धरती पर लोकतंत्र की रक्षा नहीं होनी चाहिए?
वहीं एक अन्य ट्विट में मोदी ने कहा है कि संसदीय चुनाव से हैदराबाद नगर निगम व राजस्थान के पंचायत चुनाव तक भाजपा की शानदार सफलता से घबरा कर ममता दीदी ने संतुलन खो दिया है। राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट, हमले और हत्या तक की घटनाओं पर दलों के मौन से राज्य में सत्तापोषित राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा मिला।
राज्य को निर्मम ममता ने जहां पहुंचा दिया है, वहां बिना राष्ट्रपति शासन के निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सकते। टीएमसी केंद्र के धैर्य का इम्तहान लेना बंद करे।

You may have missed