चिराग बोले, एनडीए का हिस्सा नहीं लोजपा, पुन: सीएम नहीं बन पाएंगे नीतीश

जमुई। लोक जनशक्ति पार्टी बिहार चुनाव में एनडीए का हिस्सा नहीं है। लोजपा की ताकत का एहसास नीतीश कुमार को चुनाव परिणाम के बाद होगा। किसी भी स्थिति में नीतीश पुन: सीएम नहीं बन पाएंगे। यह कहना है लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई के सांसद चिराग पासवान का। श्री पासवान जनसभा और रोड शो करने के उपरांत शुक्रवार को एक होटल में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। बता दें लोजपा के संस्थापक व पिता रामविलास पासवान के निधन के बाद क्रिया-कर्म संपन्न हो जाने के बाद चिराग पासवान चुनावी प्रचार अभियान में उतर चुके हैं। उनके निशाने पर राजद-कांग्रेस नहीं बल्कि सिर्फ सीएम नीतीश कुमार हैं। जिससे बिहार के राजनीतिक गलियारे से लेकर आम लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चा हो रही है।
चिराग पासवान ने पीएम मोदी को अपना नेता बताया। उन्होंने कहा कि पीएम की जितनी भी योजनाएं हैं उसी के बल पर नीतीश कुमार बिहार में चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2015 से पहले भाजपा के साथ नीतीश कुमार ने क्या-क्या नहीं किया, यह बताने की जरूरत नहीं है। आज वे एनडीए के पुराने सहयोगी बन बैठे हैं। जबकि एनडीए का सबसे पुराने सहयोगी हमारी पार्टी है।
उन्होंने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए आगे कहा कि मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना को लेकर गांव-गांव जा रहे हैं। उस योजना का हश्र क्या है, यह किसी से छिपी नहीं है। भ्रष्टाचार चरम पर है। कितना कमीशन किसके पॉकेट में जाता है, यह सबको मालूम है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां जदयू के प्रत्याशी जाते हैं आम जनता उसका विरोध करती है।
इस दौरान उन्होंने लोजपा के प्रत्याशी को समर्थन देने की अपील की। कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार, अपराध का बोलबाला है। युवा पीढ़ी से नीतीश कुमार डर गए हैं। यही कारण है कि वे नहीं चाहते कि यहां के युवा पढ़े-लिखे। प्रदेश में उन्होंने 15 वर्षों के कार्यकाल में एक छोटा सा कारखाना भी नहीं लगाया। उनका कहना होता है कि यहां कारखाना लग ही नहीं सकता। जबकि ऐसी ही भगौलिक स्थिति पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश की है। वहां कितने कारखाने हंै।

About Post Author

You may have missed