खबरें फतुहा की : ट्रैक्टर ने युवक को रौंदा, पुलिस के लौटते ही जमकर मारपीट, पुनपुन नदी का निरीक्षण, बांटे गए राशन सामग्री
ट्रैक्टर ने युवक को रौंदा, मौत
फतुहा। गुरुवार को देर रात पटना के दीदारगंज-बख्तियारपुर स्टेट हाईवे पर नदी थाना क्षेत्र के गढोचक गांव के पास एक ट्रैक्टर ने युवक को रौंद दिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल एक आॅटो पर लादकर पीएचसी लाए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गढोचक गांव के ही 25 वर्षीय टनु कुमार यादव के रुप में हुई है। जानकारी होते ही नदी थाना की पुलिस भी पीएचसी पहुंची तथा घटना का जायजा लिया। बताया जाता है कि युवक सड़क के किनारे से चलते हुए घर की ओर जा रहा था तभी पटना की ओर जाती हुई एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया। ट्रैक्टर को चालक लेकर फरार बताया गया है। वहीं पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेजे जाने की तैयारी कर रहा है। इस घटना से जहां मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में सन्नाटा पसर गया है।

पुलिस जांच कर जैसे ही लौटी, दो गुट ने फिर कर ली जमकर मारपीट
फतुहा। शुक्रवार को डुमरी गांव में दो दिन पहले हुई मारपीट की घटना को जांच कर जैसे ही पुलिस वापस लौटी, वैसे ही दोनों गुट आमने-सामने हो गये और दोनों गुट के बीच जमकर मारपीट हो गई। एक गुट के कई लोगों ने दूसरे गुट के घरों में घुसकर महिलाओं को भी जमकर पीटा। घटना की जानकारी होते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा दो लोगों को हिरासत में ले लिया। विदित हो कि बीते मंगलवार को आपसी विवाद के तहत सुधीर चौधरी और विनय चौधरी के बीच मारपीट हो गई थी, जिसमें सुधीर चौधरी की पत्नी नीलम देवी जख्मी हो गयी थी। शुक्रवार को भी दोनो गुटों के द्वारा एक दुसरे गुट के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज करायी गयी है।
जदयू व भाजपा के सौजन्य से अलग-अलग जगहों पर बांटे गए राशन सामग्री
फतुहा। शुक्रवार को भी जदयू के प्रदेश महासचिव डॉ. निहोरा यादव के द्वारा जरुरतमंदों के बीच राहत सामग्री बांटी गई। उनके द्वारा यह राहत सामग्री फतुहा विधान सभा अन्तर्गत जल्ला क्षेत्र के कई गांवों में बांटी गई है। इस मौके पर उनके साथ विनोद माली भी मौजूद थे। वहीं दूसरी तरफ केन्द्रीय मंत्री सह पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद के सौजन्य से रायपुरा के दलित टोले में राशन सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता अभिषेक झा व विक्की सिंह मौजूद थे।
एसडीओ ने अधिकारियों के साथ पुनपुन नदी का किया निरीक्षण
फतुहा। गुरुवार को पटना सिटी एसडीओ राजेश रौशन ने अधिकारियों के साथ फतुहा पहुंचे तथा पुनपुन नदी में फैले गंदगी का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने नदी में गिर रहे नाले की भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि लॉक डाउन में कई नदियों की पानी में सुधार हुआ है लेकिन पुनपुन नदी के पानी में गंदगी के कारण पानी काले रंग की हो गई है, जिसकी समीक्षा की जा रही है। देहाती क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री के पानी गिरने की भी समीक्षा की जाएगी। उनके अधिकारियों के टीम में पटना सिटी के कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार, पटना बांकी पुर के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार के साथ साथ बीडीओ मृत्युंजय कुमार भी मौजूद थे।

