कोटा से 1246 छात्रों को लेकर आरा पहुंची स्पेशल ट्रेन
आरा। लॉकडाउन में देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे प्रवासी मजदूर और छात्रों की घर वापसी का दौर लगातार जारी है। हजारों की संख्या में प्रतिदिन प्रवासी मजदूर और छात्र स्पेशल ट्रेनों से बिहार लौट रहे हैं। अपने घर लौटने की खुशी उनके चेहरों पर साफ झलक रही है। शुक्रवार को राजस्थान के कोटा से 1246 छात्रों को लेकर स्पेशल ट्रेन आरा पहुंची। सभी छात्रों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद नाश्ते का पैकेट दिया गया। इसके बाद सभी को लोकल थाने ले जाया गया। यहां पूरी डिटेल लेने के बाद छात्रों को उनके घर भेजा गया, जहां उन्हें 21 दिनों तक क्वारंटाइन रहने का आदेश दिया गया है। स्पेशल ट्रेन में भोजपुर के अलावा बक्सर, रोहतास, सारण और कैमूर के रहने वाले छात्र थे। दूसरे जिलों के छात्रों को स्क्रीनिंग के बाद बस में बिठाया गया। बस से सभी छात्रों को उनके गृह जिले भेजा गया। सभी छात्रों से एक शपथ पत्र भरवाया गया है, जिसमें 21 दिनों तक घर से बाहर नहीं निकलने को कहा गया है।


