कार्यकारिणी की बैठक में बोले कुशवाहा : रालोसपा विष पीने को है तैयार, मगर सीट बंटवारे पर हो मंथन

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव की तिथि नजदीक आती जा रही है लेकिन महागठबंधन में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला अब तक ना बन पाने के कारण घटक दलों में बेचैनी बढ़ गई है। सीट शेयरिंग को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री व रालोसपा प्रमुख ने अपनी नाराजगी जाहिर किया। जिससे माना जा रहा है कि महागठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं है।
बुधवार को पटना में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि महागठबंधन में सीट बंटवारे में देरी होने से गठबंधन को नुकसान होगा। सीट बंटवारे को लेकर अब सभी घटक दलों को मिलकर स्पष्ट हो जाना चाहिए। सीट बंटवारा नहीं होने के कारण नेताओं और कार्यकर्ताओं में उलझन है। उन्होंने कहा कि रालोसपा विष पीने को भी तैयार है मगर सीट बंटवारे पर मंथन हो जाना चाहिए। जो अमृत निकले उसे सभी घटक दल मिलकर बांट लें। जो विष निकलेगा रालोसपा पी लेगा। कुशवाहा ने हम प्रमुख जीतन राम मांझी के महागठबंधन से अलग होने पर कहा कि मांझी का जाना गठबंधन के लिए दुखद और नुकसानदायक है। गठबंधन में ज्यादा से ज्यादा दलों को जोड़ना चाहिए। इसमें अब वामदलों को भी शामिल करना चाहिए। रालोसपा की कार्यकारिणी की बैठक में कुशवाहा ने प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति तय की।

About Post Author

You may have missed