अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस : विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली वैश्य समाज की महिलाएं सम्मानित

पटना। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, बिहार इकाई के तत्वावधान में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्षा कृष्णा शगुन की अध्यक्षता में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, बिहार इकाई के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता एवं महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्षा कृष्णा शगुन समेत अन्य महिलाओं ने द्वीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली वैश्य समाज की महिलाओं के साथ ही भाजपा सांसद रमा देवी को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो. गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उनमें राजनीतिक चेतना जगाने की जरूरत है। महिलाओं को मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और हमारा संगठन वैश्य महिलाओं की मदद करने के लिए हमेशा आगे रहेगा। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा, सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक क्षेत्रों में कार्य करने वाली वैश्य महिलाओं को सम्मानित किया गया। वहीं महिला अध्यक्षा कृष्णा शगुन ने कहा कि वैश्य समाज की महिलाओं ने समाज से निकलकर बड़े-बड़े मुकाम हासिल किए हैं। आप सभी पूरी शक्ति लगाकर आगे बढ़िए, हमलोग आपके साथ हैं।
सम्मानित होने वाली महिलाओं में डॉ. धर्मशीला गुप्ता, प्रदेश मंत्री, भाजपा, डॉ. नीना कुमार, ऐरा पब्लिक स्कूल, डॉ. पूनम, प्राचार्य, आर.पी.एम. कॉलेज, डॉ. सरिता शंकर, सुषमा साहू, वीणा मानवी, डॉ. रंजना जैन, डॉ. नीलम गुप्ता, निशी (शिक्षिका), महिला प्रभारी सरोज जायसवाल, नम्रता चौधरी, कंचन माला समेत 21 महिलाओं को मोमेंटो, शॉल और गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, बिहार इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अजय प्रकाश, प्रधान महासचिव पंकज केसरी, कोषाध्यक्ष सौरभ भगत, डॉ. रवि प्रकाश, डॉ. सुनील अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद थे।

About Post Author

You may have missed