पीके का सवाल : 3 मई तक कोरोना कंट्रोल नहीं हुआ तो आगे का क्या?

पटना। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये लगाए गए देशव्यापी लॉकडाउन का पहला चरण समाप्त होने के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को लॉकडाउन के 21वें दिन लॉक डाउन 2.0 को 3 मई तक बढ़ाने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने करीब 25 मिनट के राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि दूसरे चरण में लॉकडाउन का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जायेगा और बुधवार को इस संबंध में विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यह नये क्षेत्रों में न फैले। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में हालात खराब होने की आशंका नहीं होगी, वहां 20 अप्रैल के बाद कुछ राहत दी जा सकती हैं। इस पर जदयू से निष्कासित नेता और राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने ट्वीट के जरिये पीएम मोदी से सवाल किया है कि 3 मई तक भी वांछित परिणाम नहीं आया तो क्या होगा।
प्रशांत किशोर ने ट्वीट कर लिखा है कि लॉकडाउन 2 के तर्कसंगत और तौर-तरीकों पर अंतहीन बहस करना व्यर्थ है। हालांकि असली सवाल यह है कि अगर 3 मई तक इस चुने हुए रास्ते पर रहने पर भी परिणाम प्राप्त नहीं मिलता है, तो क्या होगा? क्या हमारे पास कोई वैकल्पिक योजना है या जो है, वो सही है?