दहेज प्रथा को समाप्त करने में महिलाओं की हो सकती है अहम भूमिका

  • अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कृषि विज्ञान केंद्र में कार्यक्रम आयोजित

बाढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बाढ़ के अगवानपुर स्थित कृषि विज्ञान अनुसंधान केंद्र में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में अपने अधिकार के प्रति जागृति लाना, समाज एवं नागरिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने हेतु एक नया दृष्टिकोण पैदा करना था। इस अवसर पर बाढ़, मोकामा, घोसवरी, पंडारक, अथमलगोला सहित कई प्रखंडों की जीविका महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में महिलाओं के लिए एक प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसका मूल विषय था- ‘बाल विवाह और नशा- एक अभिशाप’। महिलाओं ने दहेज प्रथा एवं बाल विवाह विषय पर अपने-अपने विचार व्यक्त किये।
महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रसार शिक्षा के कृषि वैज्ञानिक डॉ. विष्णुदेव सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में दहेज प्रथा समाज की एक बहुत बड़ी बुराई है। इस प्रथा को समाप्त करने में महिलाओं की ही भूमिका अहम हो सकती है। वहीं महिलाओं को जब अपने अधिकार व कर्तव्य का ज्ञान प्राप्त हो जाएगा, तो वह दहेजलोभियों के खिलाफ आवाज उठा सकती है।
कार्यक्रम में जीविका दीदियों का नेतृत्व कर रही रेणु देवी भी उपस्थित रही। उन्होंने महिलाओं को अपने हक व अधिकार की लड़ाई लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कृषि वैज्ञानिक मृणाल वर्मा ने आये हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की महत्ता एवं महिलाओं के सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा के प्रति उत्साहित किया। कार्यक्रम में 208 कृषक महिला, जीविका दीदी एवं पुरूष कृषकों ने भाग लिया। इस अवसर पर मृदा वैज्ञानिक राजीव कुमार ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध फल एवं सब्जियों के प्रसंस्करण कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाली महिलाओं को पुरस्कृत किया गया। बाल विवाह विषय में सत्या कुमारी, रानाबिगहा, बाढ़- प्रथम; शोभा कुमारी, गोपाईचक,बेलछी- द्वितीय; आशा देवी, अगवानपुर, बाढ़ – तृतीय; तथा नशा-एक अभिशाप विषय में कुमारी रेणु-प्रथम, संगीत सिन्हा-द्वितीय एवं सोनी देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में डिप्टी रजिस्ट्रार जयंत प्रसाद, डॉक्टर प्रकाश चंद्र गुप्ता, अखिलेश कुमार सहित कई पदाधिकारी और ग्रामीण उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed