December 4, 2025

परिवहन विभाग जल्द लाएगी स्क्रैप पॉलिसी, 15 वर्ष पुरानी गाड़ियां सड़क से हटेगी : मंत्री

  • जदयू के जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल हुए दो मंत्री

पटना। जदयू कार्यालय में आम जनों एवं कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान हेतु गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में ऊर्जा तथा योजना एवं विकास विभाग के मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव एवं परिवहन मंत्री शीला मंडल ने भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याओं को दोनों मंत्रियों ने सुना और उसका त्वरित निराकरण किया। मंत्री द्वय ने समस्याओं के निवारण हेतु पदाधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिया।
जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए परिवहन मंत्री शीला मंडल ने कहा की मुख्यमंत्री के निदेर्शानुसार परिवहन विभाग जल्द ही स्क्रैप पॉलिसी ला रहा है। पुरानी गाड़ियों से प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ता है, साथ ही दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। साथ ही इससे रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 15 वर्ष पुरानी गाड़ियों को सड़क पर से हटाने की समय सीमा 15 जून तक बढ़ा दी है।
उन्होंने कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम की चर्चा करते हुए कहा कि एक सप्ताह पूर्व इस सिस्टम को शुरू करने वाला पटना देश का चौथा स्थान बन गया है। गाड़ी किस रूट पर और किस स्पीड से चल रही है तथा दुर्घटना होते ही सारी जानकारी कंट्रोल रूम को तत्काल मिलती रहती है। हम पूरे प्रदेश में सीएनजी बसें चलाने का प्रयास कर रहे हैं। उक्त कार्यक्रम में प्रदेश मुख्यालय उपाध्यक्ष डॉ. नवीन आर्य चन्द्रवंशी, मुख्यालय महासचिव अरुण कुमार सिंह एवं मुख्यालय सचिव वासुदेव कुशवाहा उपस्थित रहे।

You may have missed