वीआईपी ने तय के किए प्रत्याशियों के नाम, गोपालगंज से मनोज मनोज राम और झंझारपुर से गुलाब यादव लड़ेंगे चुनाव

  • जल्द होगी आधिकारिक घोषणा, मोतिहारी को लेकर भी होगा फैसला

पटना। विकासशील इंसान पार्टी ने लोकसभा चुनाव को लेकर अपने उम्मीदवारों का नाम तय करना शुरू कर दिया है। इस बार के संसदीय चुनाव में राजद ने मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी को बिहार में तीन लोकसभा की सीटे दी हैं। इसमें गोपालगंज, झंझारपुर और मोतिहारी से वीआईपी चुनाव लड़ेगी। मुकेश सहनी ने शुक्रवार को गोपालगंज को लेकर बड़ा फैसला किया। सूत्रों के अनुसार गोपालगंज सीट से मनोज राम उम्मीदवार होंगे। मनोज राम पहले भी संसदीय चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने पिछला लोकसभा का चुनाव सासाराम से लड़ा था लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। मूल रूप से सासाराम के रहने वाले मनोज राम पहले मायावती की पार्टी बसपा में थे लेकिन पिछले साल ही उन्होंने पटना में आयोजित के कार्यक्रम में वीआईपी की सदस्यता ग्रहण की थी। बसपा के हाथी से उतरकर मुकेश सहनी की नाव पर चढ़े मनोज राम अब गोपालगंज से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। वे मौजूदा समय में वीआईपी में उपाध्यक्ष पद पर हैं। गोपालगंज में जदयू सांसद डॉ अलोक कुमार सुमन को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर से मौका दिया है। जदयू के अलोक सुमन के मुकाबले अब मनोज राम महागठबंधन की ओर से गोपालगंज में मुकाबला करेंगे। पिछले लम्बे अरसे से सियासत में सक्रिय मनोज राम के परिवार के अन्य सदस्य भी राजनीति और चुनाव में सक्रिय हैं। वे सासाराम जिला परिषद अध्यक्ष पूनम भारती के भैसुर हैं। अब सासाराम से बाहर गोपालगंज में संसदीय चुनाव में उतर रहे हैं। वहीं झंझारपुर संसदीय सीट को लेकर भी मुकेश सहनी द्वारा बड़ा फैसला लिया गया है। यहां से पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक गुलाब यादव उम्मीदवार बनाए जाएंगे। उनके नाम की पार्टी की ओर से अधिकारिक घोषणा की जाएगी। 12 अप्रैल से झंझारपुर सीट के लिए नामांकन शुरू हो गया है। राजद के पूर्व विधायक गुलाब यादव पिछले लम्बे अरसे से चुनाव लड़ने की तैयारी में थे। अब वे वीआईपी के सिंबल पर चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।

About Post Author

You may have missed