मधेपुरा : अनियंत्रित कार ने मॉर्निंग वॉक पर गये 2 युवकों को कुचला, मौके पर मौत, लोगों का हंगामा

मधेपुरा। बिहार के मधेपुरा जिलें में शनिवार की सुबह एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार, मॉर्निंग वॉक के लिए निकले दोनों युवकों को एक तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया। दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। घटना मुरलीगंज थाना क्षेत्र के केपी कॉलेज के पास की है। इस संबध में कहा जा रहा है की मधेपुरा पूर्णिया एनएच 107 पर शनिवार को सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले दो युवकों को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों की मौत मौके पर ही हो गयी। मृतकों की पहचान मुरलीगंज प्रखंड अंतर्गत जोरगाम पंचायत के वार्ड नंबर 11 निवासी टुना पासवान व जोरगाम वार्ड नंबर 11 के निवासी गोलू कुमार उर्फ छोटू कुमार के रूप में की गयी है।
दोनों को कुचलकर मकान से टकरायी कार
वही प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित हो चुकी थी। इस कार ने इन्हें भी टक्कर मारी लेकिन वो बच गये और गड्ढे में गिर गये। लेकिन कार ने आगे चल रहे दोनों युवकों को कुचल दिया। दोनों को कुचलने के बाद कार सड़क के किनारे ही एक मकान से टकरा गयी और गड्ढे में पलट गयी। बताया जा रहा है कि मृतक डाक कांवर लेकर जाने की तैयारी कर रहे थे और सुबह प्रैक्टिस के लिए निकलते थे।
घटना के करीब 3 घंटे तक एनएच 107 जाम
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और जमकर बवाल काटा। मौत की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने एनएच 107 को जाम कर दिया। करीब 3 घंटे तक उन्होंने रास्ता जाम किये रखा। इस दौरान घटना की जानकारी मुरलीगंज थाना को मिली तो थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। वही उसके बाद थानेदार और प्रखंड विकास पदाधिकारी ने मृतकों के परिजनों को काफी समझाया बुझाया। तत्काल परिवारिक लाभ योजना से 20 हजार एवं कबीर अंत्येष्टि योजना से 3 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान किया गया।

About Post Author

You may have missed