उदयपुर स्कूल टीचर ने स्टेटस लगाकर मनाया पाकिस्तान की जीत का जश्न, स्कूल प्रसाशन ने किया बर्खास्त
उदयपुर, राजस्थान। उदयपुर में एक निजी स्कूल की टीचर का अपने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की जीत पर खुशी जाहिर करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। टीचर के खिलाफ एक्शन लेते हुए स्कूल ने उसे बर्खास्त कर दिया है। राजनीतिक और सामाजिक संगठन भी इस टीचर के विरोध में उतर आए हैं। 24 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान के बीच टी-20 मुकाबले के बाद टीचर नफीसा अटारी ने अपने वॉट्सऐप पर पाकिस्तान की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा था कि हम जीत गए। ये वॉट्सऐप स्टेटस जब एक बच्चे के पैरेंट्स ने देखा, तो वो भड़क गए। टीचर का स्टेटस देखकर जब पैरेंट्स ने पूछा कि क्या वे पाकिस्तान का समर्थन करती हैं, तो शिक्षिका ने हां कर दिया। इस पर पैरेंट्स ने स्कूल मैनेजमेंट को फोन कर इस पर आपत्ति जताई। मामले के तूल पकड़ने के बाद स्कूल ने टीचर नफीसा अटारी को नौकरी से निकाल दिया।

उधर मामला बढ़ने के बाद टीचर नफीसा अटारी ने वीडियो जारी कर माफी मांगते हुए कहा है कि हम मैच देख रहे थे। हमने घर में ही दो टीम बांट ली थी। हम अपनी-अपनी टीम को सपोर्ट कर रहे थे। इसका ये मतलब नहीं था कि मैं पाकिस्तान को सपोर्ट कर रही हूं। इधर मामला सामने आने के बाद मंगलवार को ABVP कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए। उन्होंने स्कूल पर तिरंगा लहराया। मामले में दो सामाजिक संगठनों की ओर से सूरजपोल और सुखेर थाने में महिला टीचर के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

