नालंदा में बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, दो की हालत गंभीर

नालंदा। जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर सरमेरा–मोकामा मार्ग स्थित बड़ी मिसिया गांव के पास हुई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव झनकी (घोसवरी थाना क्षेत्र, पटना जिला) लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान झनकी गांव निवासी स्वर्गीय अशोक राम के 23 वर्षीय पुत्र मनु कुमार तथा नवीन चौहान के 32 वर्षीय पुत्र पुष्पंजय कुमार के रूप में की गई है। वहीं, घायलों में सरमेरा थाना क्षेत्र के बड़ी मलावा गांव निवासी धीरज कुमार और भगवान दास शामिल हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने घायलों को सड़क पर तड़पते देखा और तत्काल सरमेरा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने मनु कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पुष्पंजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया। परिजनों का रोना-पीटना देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। सरमेरा थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरमेरा–मोकामा मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है और रात के समय तेज गति से वाहन चलाए जाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस व्यवस्था की जाए, साथ ही नियमित गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। फिलहाल पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग मृत युवकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

You may have missed