बेनीपट्टी नरसंहार पर बोले तेजस्वी, बिहार में कानून का राज नहीं, सत्ता के संरक्षण में अपराधियों का शासन चल रहा

  • मृतकों के स्वजनों से मिलने पहुंचे तेजस्वी, महमदपुर गांव में उमड़ पड़ी लोगों की भीड़

मधुबनी। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने पार्टी के नेताओं के साथ मंगलवार को मधुबनी जिला के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में हुए सामूहिक हत्याकांड के पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। राजद नेता तेजस्वी यादव के आने की सूचना फैलते ही महमदपुर गांव में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पीड़ितों के आंगन लोगों से ठसाठस भरे रहे। तेजस्वी यादव को देखने के लिए लोग घरों की छतों पर धूप में खड़े रहे।
पीड़ितों से मिलने के बाद तेजस्वी आक्रामक दिखे। घटना पर दुख जताते हुए इसके लिए स्पष्ट तौर पर स्थानीय पुलिस, बेनीपट्टी के भाजपा विधायक और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज नहीं, बल्कि सत्ता के संरक्षण में अपराधियों का शासन चल रहा है। बिहार में राक्षस राज है। रावण संगठन चलाया जा रहा है। प्रशासन को इस संगठन के संबंध में पता नहीं है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि सूबे में न्याय के साथ विकास हो रहा है, लेकिन महमदपुर का सामूहिक हत्याकांड सरकार, प्रशासन एवं भाजपा के विधायक व पूर्व मंत्री पर सवाल खड़े कर रही है। मुख्यमंत्री को इस घटना की जिम्मेवारी लेनी चाहिए। सीएम व डीजीपी को घटनास्थल पर जाकर पीड़ित परिवार से मिलना चाहिए और उन्हेंं न्याय दिलाना चाहिए।


तेजस्वी यादव ने कहा कि महमदपुर हत्याकांड सत्ता के संरक्षण और पुलिस पदाधिकारियों के लापरवाही की देन है। कहा कि वर्तमान एसपी व डीएसपी जब तक यहां बने रहेंगे, तब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा। ऐसे पदाधिकारियों को तुरंत हटाना चाहिए। आगे से ऐसी घटना न घटे, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपित के साथ पुलिस पदाधिकारियों की तस्वीरें सामने आई है। इसकी जांच होनी चाहिए।
तेजस्वी ने आगे कहा कि पीड़ित अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप भाजपा विधायक पर लगा रहे हैं। पीड़ित परिवार सदमें में हैं। मुख्यमंत्री को आंख खोलकर न्याय देना चाहिए। रावण सेना को संरक्षण कौन दे रहे थे, इसकी जांच होनी चाहिए। बहुत दिनों से विवाद चल रहा था, जिसको लेकर परिवार वालों को बराबर डराया व धमकाया जा रहा था। कहा कि जहां कहीं भी अन्याय होगा, वहां तेजस्वी व राजद पीड़ितों के साथ खड़ा होगा। तेजस्वी ने कहा कि पीड़ित परिवार व इलाके की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। सामुहिक हत्याकांड के मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के साथ ही पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक विनोद नारायण झा से पूछताछ होनी चाहिए। पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी मिले।


मौके पर मधुबनी के नगर विधायक समीर महासेठ, पूर्व विधायक डॉ. फैयाज अहमद, पूर्व विधायक उमाकांत यादव, पूर्व सांसद लवली आनंद, पूर्व विधायक सीताराम यादव, राजकुमार यादव, पूर्व जिला परिषद राजेश यादव, श्याम कुमार सिंह, फुलहसन अंसारी, विजय चौधरी, मनोज महतो, प्रदीप प्रभाकर, वरूण यादव, सुधीर सहनी, कामेश्वर यादव, अमरेन्द्र चौरसिया, ललित सिंह, संतोष कुमार सुमन सहित राजद के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
तेजस्वी ने ट्वीट कर भी साधा निशाना
इधर तेजस्वी ने मधुबनी में पीड़ित परिजनों से मिलने की तस्वीर के साथ ट्वीट करते हुए लिखा, दुर्भाग्य है कि मधुबनी नरसंहार पर मुख्यमंत्री जी ने कोई शोक संवेदना और खेद तक प्रकट नहीं किया। सत्ता संरक्षण में हुए इस नरसंहार में अगर किसी एमएलए, मंत्री की कोई संलिप्तता नहीं है तो अभी तक दोषियों को बचाया क्यों जा रहा है? डीएम-एसपी ने अभी तक घटनास्थल का दौरा क्यों नहीं किया?


वहीं एक अन्य ट्वीट में लिखा कि, मैंने पहले ही कहा था, नीतीश जी थक चुके है। उनसे बिहार नहीं संभल रहा। चुनाव हार अपमानित होकर भी मुख्यमंत्री बने हुए है। चलो लोकलाज और नैतिकता त्याग अनुकंपा पर मुख्यमंत्री बन ही गए लेकिन कम से कम अब तो अपने संवैधानिक कर्तव्यों का निर्वहन किजीए। सीएम कुर्सी बचाने के अलावा क्या कर रहे है?

About Post Author

You may have missed