अपने कर्मों के कारण जल्द ही केजरीवाल और सोरेन की जगह पर होंगे तेजस्वी : विजय सिन्हा

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के बाद तेजस्वी यादव के कार्यकाल में किए गए कामों की जांच कराई जाएगी। उपमुख्यमंत्री और पांच विभाग के मंत्री रहते हुए तेजस्वी यादव ने बड़ी गड़बड़ी की है। विजय सिन्हा ने कहा कि अगुवानी घाट पुल ध्वस्त होने के मामले में तेजस्वी ने गड़बड़ी की थी। उस पर कार्रवाई करने के बदले माल लेकर लीपापोती कर दी। लोगों ने इसकी शिकायत की है। इसकी उच्च स्तरीय जांच कराएंगे। ऐसे भ्रष्ट कार्यों से जो अकूत संपत्ति अर्जित की गई है, चुनाव के बाद उसकी जांच होगी। मुख्यमंत्री ने सदन में कहा था हम बख्शेंगे नहीं, इसलिए वह लोग भयभीत हैं। जिनको इन्होंने प्रमोशन दिया, जिसे इन लोगों ने प्रभावित होकर बढ़ाने का कार्य किया है, वह बख्शे नहीं जाएंगे। अकूत संपत्ति बनाने का काम किया है। पीएचईडी विभाग के 1100 टेंडर हमने एक बार में रद्द करने का आदेश दे दिया है। बालू माफिया पर शिकंजा कसने का आदेश दिया है, चुनाव के बाद इसका असर दिखाई देने लगेगा। विजय सिन्हा के बयान पर राजद ने पलटवार करते हुए कहा है कि सबको पता है नीतीश जी के नेतृत्व में मंत्री काम कर रहे थे।
केजरीवाल और सोरेन जैसी होगी हालत
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इनकी भी वही दशा होगी जो दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की हुई है। जिसने जनता की गाढ़ी कमाई लूटी है, उसकी दुर्दशा तय है।
पांच विभाग के मंत्री थे, कुछ नहीं कर पाए
विजय सिन्हा ने आगे कहा कि बड़बोले पिता के बड़बोले पुत्र झूठ और भय का वातावरण बना रहे थे। उन्होंने कहा था कि हम नियुक्ति के लिए चिंतित हैं, रोजगार के लिए चिंतित हैं, लेकिन बिहार के लोग बेरोजगार हो गए। पांच विभाग के मंत्री थे, कुछ नहीं कर पाए। पांचों विभाग के अंदर एक भी नियुक्ति नहीं की। उन्होंने कहा कि बिहार के अंदर चुनाव को लेकर उत्साह है। मुंगेर और खगड़िया भ्रमण में लोगों का एनडीए के प्रति स्पष्ट रुझान दिखा। बेगूसराय में लोगों का उत्साह दिख रहा है। यह उत्साह बिहार की अराजकता को खत्म करेगा। उन लोगों ने बिहार के अंदर एक नकारात्मक वातावरण बनाया था। अपराध और भ्रष्टाचार को संरक्षित करने का माहौल बनाया था। अपराधियों को टिकट देकर अपराध को फलने-फूलने का संकेत दिया है, उसका जवाब बिहार की जनता पूरी ताकत से देगी। राजद की मानसिकता जंगल राज की है, उसका जवाब बिहार की जनता वोट के माध्यम से देगी।
चपरासी क्वार्टर में रहने वाले महलों के राजा बन गए
तेजस्वी यादव के भाजपा को झूठा पार्टी कहने और प्रधानमंत्री पर जनता को ठगने का आरोप लगाए जाने पर विजय सिन्हा ने कहा है कि लोग कहते हैं कि वे राजा हरिश्चंद्र के खानदान से हैं। इनकी बातें लोगों को समझ में आती है, चपरासी क्वार्टर में रहने वाले महलों के राजा बन गए। ईडी और आईटी पूछने लगा तो कहने लगे कि पूछने वाले भाजपा के जमाई हैं, वे भाजपा के जमाई नहीं मां भारती के संतान हैं, जिन पर भाजपा को गर्व है। विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यह नहीं बता पाते हैं कि इनके यार कौन हैं। आतंकवाद, उग्रवाद और भ्रष्टाचार। वह कितने सत्य बोलते हैं कि लोग कोई गंभीरता से नहीं लेता है। प्रधानमंत्री पर जिस तरह के शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, वह शब्द का अर्थ भी वो समझ नहीं पाते हैं।

About Post Author

You may have missed