मुख्यमंत्री के जनता दरबार पर सस्पेंस बरकरार; सीएम की तबीयत में नहीं हुआ सुधार, रद्द हो सकता है कार्यक्रम

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महीने के पहले और दूसरे सोमवार को जनता दरबार लगाते हैं। ऐसे में दिसंबर महीने की शुरुआत के साथ आज सीएम का जनता दरबार लगना था। लेकिन, अब जो जानकारी निकलकर आ रही है उसके मुताबिक सीएम का जनता दरबार रद्द हो सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तबीयत खराब होने के बाद उनके सभी कार्यक्रम पिछले एक सप्ताह से रद्द है। इसके बावजूद मंत्रिमंडल विभाग की ओर से आज जनता दरबार लगाने का पत्र जारी किया गया है। इसको लेकर संबंधित सभी विभागों को जनता दरबार की तैयारी करने का निर्देश भी दिया गया है। लेकिन जिस तरह से कम कल यानी 3 दिसंबर को प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद के जयंती समारोह में शामिल नहीं हुए थे। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि सीएम की तबीयत अभी सुधरी नहीं है और आज जनता दरबार भी रद्द हो सकता है। हालांकि, इसको लेकर अभी तक कोई अधिकारी जानकारी निकलकर सामने नहीं आई है। वही जनता दरबार को लेकर सभी तरह की तैयारी पूरी कर ली गई है। आज दिसंबर महीने का पहला सोमवार है। ऐसे में आज यदि जनता दरबार होता है तो उन विभागों की शिकायतें सुनी जाएगी जिसे मुख्यमंत्री खुद देखते हैं। मतलब कि आज जनता दरबार में गृह विभाग, भूमि सुधार विभाग, कारा विभाग, मद्य निषेध विभाग, निगरानी विभाग, खान एवम भूतत्व विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। मंत्रिमंडल विभाग की ओर से लेटर 30 नवंबर को ही जारी कर दिया गया है। नीतीश मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर सचिव निशीथ वर्मा की ओर से सभी जिलाधिकारी को जनता दरबार से संबंधित पत्र भेजा गया है।
