सुनील कुमार बने दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक

पटना। सुनील कुमार द्वारा सोमवार को पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक का कार्यभार ग्रहण कर लिया गया है। भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा (IRSME) के वरिष्ठ अधिकारी श्री कुमार ने भारतीय रेल यातायात सेवा (IRTS) के वरिष्ठ अधिकारी रंजन प्रकाश ठाकुर से पदभार ग्रहण किया है।
श्री कुमार भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा के 1984 बैच के वरिष्ठ अधिकारी हैं। सुनील कुमार द्वारा इंडियन रेलवेज इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैकेनिकल एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (IRIMEE), जमालपुर से डिग्री प्राप्त करने के पश्चात वर्ष 1989 में भारतीय रेल में पहली बार आसनसोल मंडल में सहायक मंडल यांत्रिक अभियंता के रूप में अपना योगदान दिया गया था।
श्री कुमार पूर्व रेलवे, चितरंजन रेल इंजन कारखाना, पूर्व मध्य रेलवे तथा कारखाना परियोजना संगठन, पटना के यांत्रिक विभाग के विभिन्न महत्वपूर्ण पर्दो पर कार्य कर चुके हैं। श्री कुमार को योजना तैयार करने का गहन अनुभव प्राप्त है। भारतीय रेल पर रोलिंग स्टॉक के रख-रखाव एवं अनुरक्षण के लिए आधारभूत सुविधाओं के निर्माण हेतु कारखाना परियोजना संगठन, पटना में भी श्री कुमार मुख्य यांत्रिक इंजीनियर के पद पर कार्य कर चुके हैं। दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के पद पर योगदान देने के पूर्व श्री कुमार पश्चिम रेल में मुंबई सेंट्रल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।

About Post Author