पंजाब के AAP की धमाकेदार जीत; सीएम कैंडिडेट भगवंत मान 45 हजार वोटों से जीते, कल इस्तीफा देंगे चन्नी

पंजाब। दिल्ली की सरहद के बाहर आम आदमी पार्टी ने पंजाब में भी अपना परचम लहरा दिया है। आप पंजाब में न सिर्फ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, बल्कि बहुमत के आंकड़े से भी बहुत आगे निकलती नजर आ रही है। आप के CM कैंडिडेट भगवंत मान ने 45 हजार वोटों से रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। इधर, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह 13 हजार तो सुखबीर सिंह बादल 12 हजार वोट से चुनाव हार गए हैं। मौजूदा CM चन्नी और कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू भी कोई कमाल नहीं दिखा पाए हैं। दिलचस्प बात यह है कि दूसरे नंबर के लिए कांग्रेस और अकाली दल में टक्कर है।

दोनों पार्टियां मिलकर भी आप के चौथाई हिस्से तक भी पहुंचती नजर नहीं आ रही हैं। वहीं, भाजपा दहाई का अंक छूने के लिए भी तरस गई है। वही आम आदमी पार्टी के CM कैंडिडेट भगवंत मान धूरी से रिकॉर्ड 45 हजार वोटों से जीत गए हैं। आप की धमाकेदार जीत के बाद भगवंत मान थोड़ी देर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। हार के बाद सीएम चरणजीत चन्नी ने कल कैबिनेट मीटिंग बुलाई है, वे कल ही राज्यपाल को इस्तीफा सौंप सकते हैं।