सासाराम में एक घर पर बमबाजी से हड़कंप; भारी पुलिस बल तैनात, इंटरनेट सेवा अभी भी बंद
- सासाराम में 12वीं तक के स्कूल 4 अप्रैल तक बंद, डीजीपी ने संभाला मोर्चा
सासाराम/पटना। सासाराम में सोमवार की सुबह करीब साढ़े 5 बजे एक घर पर बम फेंका गया है। हालांकि, इस बमबाजी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मामला नगर थाना क्षेत्र के मोची टोला मोहल्ले का है। घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्टेशन हाउस ऑफिसर संतोष कुमार ने बताया कि हमें लोगों को बताया कि किसी चीज की आवाज आई है। घटना स्थल पर पहुंचने पर पता चला कि वहां पटाखा जैसी कुछ आवाज आई थी। इसके अलावा कुछ विशेष बात नहीं है। सासाराम शहर में फिलहाल इंटरनेट बंद है। 12वीं तक के स्कूलों को भी बंद रखने के आदेश हैं। नालंदा में भी हिंसा के बाद 4 अप्रैल तक इंटरनेट बंद रहेगा। बिहारशरीफ शहर में स्कूल-कॉलेज भी 4 अप्रैल तक बंद रखने के आदेश हैं। सासाराम में हुई हिंसा के बाद गृहमंत्री अमित शाह का तय कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। रविवार को अमित शाह का नवादा के साथ-साथ सासाराम में भी कार्यक्रम था। लेकिन, हिंसा के बीच सुरक्षा को देखते हुए गृह मंत्री की यात्रा रद्द कर दी गई। इसको लेकर बीजेपी ने बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला है। बीजेपी के एक प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल से मुलाकात की थी। बीजेपी की ओर से कहा गया था कि यह सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी का नतीजा है। राज्य में पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है। इसलिए राज्यपाल से आग्रह है कि इन स्थितियों का संज्ञान लें।
रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुई थी हिंसक झड़प
बिहार के 5 जिले रोहतास, नालंदा, भागलपुर, गया और मुंगरे में रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर हिंसक झड़प हुई है। इस घटना के बाद पुलिस फोर्स तैनात की गई है। सासाराम में फिलहाल 5 आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। नालंदा में धारा 144 लागू है। इंटरनेट बंद है। गया और भागलपुर में फोर्स की तैनाती की गई है। मुंगेर में भी शनिवार को हिंसा की वारदात सामने आई थी।
मुख्यमंत्री ने की थी हाईलेवल मीटिंग
हिंसा के बाद रविवार को हालात की समीक्षा के लिए सीएम ने हाईलेवल मीटिंग की। नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव और डीजीपी को निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में हालात की पूरी जानकारी लें। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को पूरी जानकारी दी जाए ताकि कोई अफवाह नहीं फैले और लोग भ्रमित न हों। वही रविवार की देर शाम बिहार के डीजीपी आरएस भट्टी बिहारशरीफ पहुंचे। घटनास्थल पहुंचकर अधिकारियों के साथ घटना की जानकारी ली। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को हमेशा सतर्क रहने, सभी चौक चौराहों और संवेदनशील और अतिसंवेदनशील वाले क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती करने का निर्देश डीएम और एसपी को दिए।


