चिराग बोले- प्रधानमंत्री बनने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल हुए CM नीतीश, मांझी ने कहा- कुर्सी के लिए किसी हद तक जा सकते हैं नीतीश

जहानाबाद। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व हम के प्रमुख जीतन राम मांझी और लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश पर तीखा हमला किया है। ‘हम’ प्रमुख ने कहा कि नीतीश कुमार के पास न नीति है और न सिद्धांत। वे कुर्सी के लिए कुछ भी कर सकते हैं। वहीं चिराग ने कहा CM नीतीश कुर्सी बचाने के लिए गठबंधन बदलते रहते हैं। चिराग ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री बनने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल हुए हैं। चिराग ने यह बातें गुरुवार को वैशाली में आयोजित एक कार्यक्रम में कही है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार कुर्सी के लिए गठबंधन बदलते हैं। 2017 और 2022 में केवल कुर्सी के लिए गठबंधन बदले। उन्होंने आगे कहा कि बिहार एक ऐसा राज्य है, जहां उपमुख्यमंत्री बदलते रहें, लेकिन मुख्यमंत्री स्थिर रहें। वहीं जहानाबाद में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार कुर्सी के लिए किसी हद तक जा सकते हैं। राजनीतिक संभावनाओं का खेल है, किसी भी समय कुछ भी हो सकता है।
सनातन धर्म को कोरोना बोलने वाले खुद हैं कोरोना पीड़ित
हम प्रमुख मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार ने तेजस्वी यादव पर मुकदमा दर्ज होते ही महागठबंधन से नाता तोड़कर अलग हो गए थे और आज तेजस्वी यादव के साथ मिलकर सरकार चला रहे हैं। उन्होंने आगे सनातन धर्म पर बोलते हुए कहा कि जो लोग सनातन धर्म को कोरोना कह रहे हैं, वह खुद कोरोना संक्रमण से पीड़ित हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म एक ऐसा धर्म है जो समाज को एक बंधन में बांधकर चलता है। इसलिए सनातन धर्म की अपेक्षा नहीं की जा सकती है। उन्होंने आगे कहा कि जब गंगा हिमालय से निकलती है तो हरिद्वार तक काफी शुद्ध रहती है। हरिद्वार के बाद कुछ गंदगी फैल जाती है। इसलिए सनातन धर्म काफी शुद्ध है। सनातन धर्म हिंदुस्तान की संस्कृति है। आज पूरा विश्व सनातन धर्म अपना रहा है। इसलिए सनातन धर्म को गलत कहने वाले खुद गलत हैं।

You may have missed