पहाड़ों पर बर्फबारी से बिहार में ठंड बढ़ी, अगले चार दिनों में चार डिग्री तक गिरेगा तापमान

पटना। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर बिहार में भी दिखने वाला है। पहाड़ी इलाकों से आने वाली ठंडी हवा से प्रदेश में तापमान गिरने वाला है। आने वाले दिनों में ठंड में और भी बढ़ोतरी होने के आसार हैं। अभी सुबह-शाम कंपकंपी महसूस की जा रही है। बिहार के सभी जिलों में पछुआ का प्रवाह जारी है, इस कारण मौसम शुष्क बना हुआ है। भागलपुर, कटिहार, सीतामढ़ी, और बेगूसराय समेत अन्य जिलों में तापमान में गिरावट आई है। बिहार में मंगलवार को हवा की गति 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इस कारण राज्यभर में लोगों को सुबह और शाम को ठंड का अहसास हो रहा है। सीवान, सीतामढ़ी, सुपौल, सहरसा, बेगूसराय, शेखपुरा, जमुई, भागलपुर, बांका, कटिहार एवं पूर्णिया जिले के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। हालांकि,राजधानी पटना समेत प्रदेश के गया, औरंगाबाद, रोहतास, नवादा, सारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, खगड़िया, अररिया जिले के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
चार दिन में और बढ़ेगी ठंड
विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों के भीतर राज्य के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। पहाड़ी इलाकों से आने वाली हवा प्रदेश में प्रवेश करने के साथ ठंड में बढ़ोतरी करेगी। गया लगातार बिहार का सबसे ठंडा शहर बना हुआ है। मंगलवार को गया के तापमान में सामान्य से तीन डिग्री की गिरावट के साथ 10.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा दर्ज किया गया। पटना का न्यूनतम तापमान मंगलवार को 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

About Post Author

You may have missed