सदन में स्पीकर विजय सिन्हा के नही आने पर लगे नीतीश कुमार माफी मांगो के नारें, सदन स्थगित

पटना। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज 12वां दिन है। सोमवार को CM नीतीश कुमार और स्पीकर के बीच हुई बहस का असर सदन में आज भी देखने को मिला। मंगलवार को सदन शुरू होते ही विपक्ष ने काली पट्‌टी बांधकर विरोध जताया। वहीं सदन में आज विधानसभा आसन पर विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा नहीं आए। उनकी जगह भाजपा विधायक प्रेम कुमार ने कार्यवाही का संचालन किया। विपक्ष के हंगामे को देखते हुए सदन को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। जब 2 बजे के बाद सदन की कार्यवाही दुबारा शुरु हुई तब भी हंगामा जारी रहा। विपक्ष के सदस्य बेल में पहुंच गए और नीतीश कुमार माफी मांगो की नारेबाजी करने लगे। हालांकि इस दौरान सदन में भाजपा कोटे का कोई भी मंत्री मौजूद नहीं था। जोरदार हंगामे को देखते हुए सदन की कार्यवाही एक बार फिर शाम 4:50 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इन विवादों के बीच सीएम नीतीश कुमार मनेर के दरगाह पर चादरपोशी करने पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि हम हमेशा प्रेम-भाईचारे की बात करते हैं और इसलिए यहां आते हैं।

इससे पहले सदन में आज हंगामे के बीच संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने सफाई देते हुए कहा कि सीएम ने आसन से हाथ जोड़ कर प्रार्थना की थी। मुख्यमंत्री ने जो भी बातें कहीं वह संविधान में हैं। इधर विपक्ष का कहना है कि लोकतंत्र की हत्या हुई है। स्पीकर आसन पर आएं और मुख्यमंत्री सदन में आकर बताएं कि कल क्या हुआ था। राजद के विधायक भाई बीरेंद्र ने कहा कि हम सभी विधानसभा अध्यक्ष के साथ हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने बलबूते और अपने मनमर्जी से सदन चलाना चाहते हैं, जो संविधान के खिलाफ है। हम सभी संविधान को बचाने के लिए काम करते हैं। बता दें कि सोमवार को बिहार विधानसभा के बजट सत्र में बड़ा हंगामा हुआ था। सीएम नीतीश कुमार और विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के बीच खूब बहस हुई थी।

About Post Author

You may have missed