February 11, 2026

CM नीतीश बोले- जनता जब तक चाहेगी सेवा करते रहेंगे, विपक्ष पर साधा निशाना

  • JDU कार्यालय पहुंचे सीएम नीतीश का भव्य स्वागत, विजयी दोनों प्रत्याशी को पुष्प गुच्छ देकर दी जीत की बधाई

पटना। बिहार विधानसभा उपचुनाव में कुशेश्वरस्थान एवं तारापुर की दोनों सीट पर मिली जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को जदयू कार्यालय पहुंचे। पार्टी कार्यालय के प्रवेश द्वार पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के बीच पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। जननायक कर्पूरी ठाकुर सभागार में कुशेश्वरस्थान से विजयी प्रत्याशी अमन मूषण हजारी और तारापुर विधानसभा से विजयी प्रत्याशी राजीव कुमार सिंह को पुष्प गुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री ने उन्हें जीत की बधाई दी। पार्टी कार्यालय में मौजूद मंत्री, सांसद, विधायक सहित पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री ने मुलाकात भी की।
लोगों की सेवा करना ही हमारा धर्म


इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उपचुनाव को लेकर हम हमेशा कहते रहे हैं कि जनता मालिक है, वो फैसला देगी। जनता का फैसला अब सबके सामने है। हमलोगों का कर्तव्य जनता की सेवा करना है। लोगों की सेवा करना ही हमारा धर्म है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए किहा कि विपक्षी दलों के लोग विरोध करते रहे लेकिन हमलोगों की इसमें कोई दिलचस्पी नहीं थी कि विरोध में कौन क्या बोल रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को सरकार के प्रति संतोष और भरोसा है, जिस कारण जनता ने एक बार फिर से एनडीए के पक्ष में अपना मत दिया है। इसके लिए हम दोनों क्षेत्र की जनता को बधाई देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं बिहारवासियों को आश्वस्त करता हूं कि जब तक हमलोगों को सेवा करने का मौका मिला है, हम लोगों की सेवा ही करेंगे। इसके अलावा मेरे मन में कोई बात नहीं है।
मैजिक क्या चलेगा? आप ही बता दीजिए


उपचुनाव में लालू मैजिक नहीं चलने को लेकर पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैजिक क्या चलेगा? आप ही बता दीजिए। ये लोग क्या-क्या बोलते रहते हैं। हमलोग तो उनको कुछ नहीं बोलते हैं। उपचुनाव के दौरान इन लोगों ने तरह-तरह की बातें कही। जनता को एक-एक चीज मालूम होती है। हमलोगों का शुरू से मानना है कि जनता मालिक है, जबकि उनलोगों के हिसाब से पारिवारिक लोग ही मालिक हैं। अपने स्वभाव के अनुरुप लोग बोलते रहते हैं। हमारी इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है, जिसको जो मन करे बोलते रहे। उन्होंने कहा कि हमलोगों की रुचि बोलने में नहीं बल्कि काम करने में है। जब तक जनता चाहेगी हमलोग काम करते रहेंगे। राजद द्वारा सरकार गिराने के दावे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिसको जो मन में आता है, बोलते रहते हैं। अब तो जनता ने अपना फैसला सुना दिया है।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री आरसीपी सिंह, मंत्री विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, संजय कुमार झा, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जदयू संसदीय बोर्ड अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित बड़ी तादाद में जदयू के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

You may have missed