बाढ़ रेलवे स्टेशन पर दूसरी शादी का खुलासा, पहली पत्नी के परिजनों ने युवक की बीच सड़क पर की पिटाई

  • पहली पत्नी और बेटी को छोड़ युवक ने खुद को कुंवारा बताकर रचाई दूसरी शादी, स्टेशन परिसर में मचा हंगामा
  • परिजनों के पहुंचते ही खुली पोल, दूसरी पत्नी मौके से फरार, पुलिस की अनुपस्थिति पर उठे सवाल

पटना। राजधानी पटना के बाढ़ रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर उस समय अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक युवक को उसकी पहली पत्नी के परिजनों ने दूसरी पत्नी के साथ पकड़ लिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना पुराने टिकट काउंटर के पास की बताई जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान स्टेशन परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोनू कुमार की शादी लगभग 14 वर्ष पहले सकसोहरा थाना क्षेत्र के भागाबीघा गांव में हुई थी। इस विवाह से उसकी एक 12 वर्षीय बेटी भी है। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों से पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि सोनू पत्नी और बेटी को छोड़कर अलग रहने लगा। आरोप है कि सोनू कुमार ने अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर खुद को अविवाहित बताया और दो दिन पहले वट सावित्री पूजा के अवसर पर दूसरी शादी कर ली। उसकी दूसरी पत्नी रैली गांव की रहने वाली बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, महिला का भी पहले से एक दो वर्षीय बच्चा है। बताया जा रहा है कि शादी के बाद सोनू अपनी दूसरी पत्नी के साथ बाढ़ रेलवे स्टेशन परिसर के पास घूम रहा था। इसी दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने उसे पहचान लिया। उस व्यक्ति ने तुरंत इसकी सूचना सोनू की पहली पत्नी के मायके वालों को दे दी। सूचना मिलते ही पहली पत्नी के दर्जनों परिजन मौके पर पहुंच गए और युवक को दूसरी पत्नी के साथ पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक को देखते ही परिजनों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने बीच सड़क पर ही सोनू कुमार की जमकर पिटाई शुरू कर दी। लोग उसे पकड़कर लगातार सवाल पूछते रहे कि उसने पहली पत्नी और बेटी के रहते दूसरी शादी क्यों की। हंगामे के दौरान आसपास के दुकानदार और राहगीर भी रुक गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी भीड़ जमा हो गई। मारपीट और शोर-शराबे के बीच दूसरी पत्नी घबरा गई। स्थिति बिगड़ती देख वह मौका पाकर वहां से निकल गई। दूसरी ओर, पहली पत्नी के परिजन सोनू कुमार का कॉलर पकड़कर उसे जबरन एक ई-रिक्शा पर बैठाकर सकसोहरा थाना क्षेत्र की ओर ले गए। घटना के दौरान स्टेशन परिसर में लोगों के बीच काफी देर तक चर्चा होती रही। कई लोगों ने इस मामले को पारिवारिक विवाद बताया, जबकि कुछ लोगों ने युवक के व्यवहार की आलोचना की। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि युवक पहली पत्नी से अलग रह रहा था, तो उसे कानूनी प्रक्रिया अपनानी चाहिए थी। बिना वैधानिक प्रक्रिया पूरी किए दूसरी शादी करना गलत है। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि बाढ़ रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त इलाके में लगभग एक घंटे तक हंगामा और मारपीट होती रही, लेकिन मौके पर न तो स्थानीय थाना पुलिस पहुंची और न ही रेल पुलिस के जवान दिखाई दिए। लोगों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते पुलिस पहुंच जाती तो स्थिति इतनी तनावपूर्ण नहीं होती। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवादों को बातचीत और कानूनी तरीके से सुलझाया जाना चाहिए, जबकि सार्वजनिक स्थान पर हिंसा और मारपीट से कानून व्यवस्था प्रभावित होती है। कानूनी जानकारों के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति ने पहली पत्नी के रहते बिना वैधानिक तलाक के दूसरी शादी की है, तो यह कानूनन अपराध की श्रेणी में आ सकता है। हालांकि पूरे मामले में अब तक किसी थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल इस घटना का वीडियो और तस्वीरें आसपास के लोगों के मोबाइल फोन में कैद हो गईं, जो अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। वहीं स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह की अव्यवस्था और हिंसक घटनाओं को रोका जा सके।

You may have missed