समाज और सरकार के संयुक्त प्रयास से ही सामाजिक समरसता होगी कायम : उपमुख्यमंत्री
पटना। स्थानीय कला सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को आकाशदीप दिव्यांग केंद्र के प्रांगण में आयोजित छात्रवृत्ति-सह-सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। समाज और सरकार के संयुक्त प्रयास से ही सामाजिक समरसता कायम करने में कामयाबी मिलेगी। उन्होंने कहा कि समिति जरूरतमंद बच्चों को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। मुक-बधिर बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में हृदय और करुणा के साथ समर्पित है। उन्होंने कहा कि आकाशदीप दिव्यांग केंद्र ने जरूरतमंद बच्चों के कल्याण की दिशा में अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वाह किया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और बिहार सरकार दिव्यांग जनों एवं जरूरतमंद बच्चों के कल्याण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम चला रही है। उन्होंने संस्थान से आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे जरूरतमंद बच्चों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में आगे आएं। उनके कल्याण के लिए बिहार सरकार हरसंभव मदद करेगी।
वहीं बिहार विधान पार्षद एवं पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने कहा कि खामोशी की भी अपनी आवाज होती है। मुक बधिर बच्चे के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने के सामाजिक दायित्व को समिति बखूबी निभा रही है। उन्होंने कहा कि कुपोषण भी आज की चुनौती है। बिहार सरकार अपने महत्वकांक्षी कार्यक्रमों के माध्यम से मानव सूचकांकों को विकसित करने की दिशा में सार्थक प्रयास कर रही है। बिहार सरकार अनाथ, जरूरतमंद बच्चों के संवर्धन और विकास के लिए हरसंभव कोशिश करेगी। इस मौके पर समिति की सचिव रिचा चौधरी, संरक्षक ऋषि राज, आकाशदीप दिव्यांग केंद्र की प्राचार्य सिस्टर लेसी, प्रवीण द्विवेदी, निधि चौबे सहित आकाशदीप के बच्चे एवं संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


